Home देश Odisha नुआखाई : जनजातीय समाज का प्रकृति और पुरखों के सम्मान का लोक...

नुआखाई : जनजातीय समाज का प्रकृति और पुरखों के सम्मान का लोक पर्व

55
0

नुआखाई : कुछ बातें जो विचारणीय हैं , यह कृषि आधारित प्रकृति और पुरखों के सम्मान का लोक पर्व है। कुछ बातें ऐसी हैं जो इस पर्व के बारे में ज्यादातर लोग नहीं जानते। संस्कृति कर्मी तथा जमीनी मुद्दों के विचारक शेखर नाग, रायपुर ने समाज के बुजुर्गों से चर्चा करके, रिसर्च करके कई नई जानकारियां निकाली है, जो इस आलेख में शामिल की हैं।

नुआखाई वर्ष में पहली बार नये अन्न को सर्वप्रथम पुरखों को अर्पित कर परिवार और समाज के साथ सामूहिक भोज करने को नुआखाई कहा जाता है। नुआखाई का पश्चिमी ओडिशा की सांस्कृतिक पहचान में अत्यंत विशिष्ट स्थान है। यह नया अन्न ग्रहण करने सहित प्रकृति, मसान-डूमान (पुरखा), परिवार और समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला लोकपर्व है। संबलपुर, बरगढ़, बलांगीर, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, सोनपुर, बौध, नुआपड़ा, कालाहांडी सहित पश्चिमी ओडिशा के विस्तृत क्षेत्र एवं पश्चिम ओडिशा के बाहर जहां पश्चिम ओडिशा के लोग निवासरत हैं, यह पर्व विशेष उत्साह और धूम धाम से मनाया जाता है।
नुआखाई पर्व की तैयारी महीने भर पहले से ही शुरू हो जाती है । सम्पूर्ण घर की सफ़ाई, लिपाई पुताई के साथ घर के कपड़े, और अन्य सभी वस्तुओं को धोया-मांजा जाता है चाहे वो लकड़ी (खाट, पलंग, कुर्सी, पीढ़ा) का या लोहा या अन्य किसी और धातु से निर्मित सामान हो। नुआखाई में लोग यथासंभव नया कपड़ा पहनते हैं और नया हांडी में भोजन पकाते हैं। गोंसाई, मिरचुक, काली सुंदरी, पेररा गुड़ियान, बोस्तूरियान, मोइली, दूल्हा, डोंगोर देवता, ठेंगा मासान, माटिया, ग्राम देवता, सोमलेसोरी, पाटनेसोरि, चोंडी और दादी बुड़ु पोन पुरसा सहित अन्य कुलदेवता (पुरखा) का पिदोर में सेवा किया जाता है । कुछ लोग भाटा (चौखट के बाहर) और घर से दूर भी अपने कुलदेवता का सेवा करते हैं ।

नुआखाई का इतिहास :-
नुआखाई की शुरुवात कब हुई इसका ठीक ठीक इतिहास ज्ञात नहीं है । विद्वान कहते हैं कि यह जनजातीय संस्कृति है अतः इसकी शुरुवात बहुत प्राचीन समय से हुई है । नुआखाई मनाने की शुरुवात क्यों और कैसे हुई इस विषय में विद्वानों ने ठोस तर्क दिये हैं । प्राचीन समय में आदि मानव जंगल में समूह में निवास करते थे और शिकार कर अपना पेट भरते थे । यह सारा उपक्रम सामूहिक रूप से होता था। एक स्थान पर शिकार की कमी होने से वह अन्यत्र शिकार की तलाश में पलायन करते थे । यह आदिम समय में आदि मानव की जीवन शैली थी । एक समय ऐसा आया होगा कि शिकार की अधिकतम कमी हो गयी। शिकार की कमी और भूख के कारण आदि मानव के पास शिकार के लिए अन्यत्र जाने की ऊर्जा भी नहीं बची। तो आदि मानव नें पेट की भूख शांत करने के लिए जंगली उपज खाना शुरू किया होगा। उस समय तक अन्न की खोज नहीं हो पायी थी । यह भी ज्ञात नहीं था कि कौनसा फल खाने योग्य है और कौनसा ज़हरीला। तब कुछ ज़हरीले फल-फूल का सेवन करने से लोग बीमार हुये होंगे और उनकी की मृत्यु भी हुई होगी । इस प्रकार ज्ञात हुआ कि कौन सा अन्न और फल जीवनदायिनी है और किसे खाने से मृत्यु सम्भव है । इस तरह अन्न, फल और सब्ज़ी की खोज हुई ।
अन्न के इस खोज यात्रा में जो पुरखे शहीद हुये । जाने अनजाने अपने प्राण गंवाकर हमे खाने योग्य अन्न, फल और सब्जियों से परिचित कराया उनके बलिदान को सलाम करने हेतु हर वर्ष लोग पहले फसल का पहला निवाला ग्रहण करने के पहले उसे प्रकृति और अपने इन्हीं पुरखों को अर्पित कर ग्रहण करते हैं। चूंकि यह सारा विधि-विधान सामूहिक रूप से किया जाता है इसलिए यह लोक पर्व के रूप में प्रसिद्ध होता चला गया । यहां ध्यान देने वाली एक और बात यह है कि अधिकतम धान की फसल कम से कम तीन महिने में पकती है लेकिन नुआखाई में जो धान खाया जाता है वह डेढ़ से 2 महीने में पककर तैयार हो जाती है। साथ ही पथरीली धरती और कम वर्षा में भी यह धान पक जाता है । इस तरह पुरखों ने कम वर्षा,कम सिंचाई से पकने वाले धान की खोज की जिसे छेतका धान कहा जाता है । यह भी एक कारण है अपने पुरखे और प्रकृति के सम्मान में नुआखाई की शुरुवात का। उस समय कृषि की कोई विकसित पद्धति नहीं थी। ऐसे समय में कम अवधि में कम परिश्रम और कम पानी के सिंचाई से भी पथरीली धरती के बावजूद जिस प्रकृति और पुरखों ने हमें अन्न का यह उपहार दिया उसका विशेष सम्मान होना ही था । इस प्रकार नुआखाई की शुरुवात हुई।

कालांतर में कृषि के आविष्कार से धान के साथ ही दूसरे उपज की भी खोज होती गई । कुछ लोग इस लोक पर्व को वैदिक परंपरा से जोड़ने की कोशिश करते हैं जबकि वेदों के लिखे जाने के संभावित वर्षों से पहले से लोक पर्व मनाया जाता रहा है । अध्ययन की कमी और दूसरी मंशा के कारण कुछ लोगों का नुआखाई को वैदिक परंपरा से जोड़ना जनजातीय इतिहास के हिसाब से निंदनीय है । नुआखाई पश्चिमी ओडिशा का ‘हार्वेस्ट फेस्टिवल’ के साथ एक व्यापक सांस्कृतिक लोक पर्व है । इसके व्यापक सांस्कृतिक अर्थ को समझे बिना इस पर संकीर्ण टिप्पणी करना उचित नहीं है ।
नुआखाई परिवार को जोड़ता है। दूर रहने वाले लोग अपने गाँव और घर लौटते हैं, बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया जाता है और रिश्तों में आई दूरी को कम करने का प्रयास होता है।

नुआखाई का प्रकार :-
पश्चिम ओडिशा के लोग लगभग वर्ष भर नुआखाई मानते हैं । वर्ष में जो कोई भी पहली फसल होती है, उसे ग्रहण करने से पहले उसका नुआ खाते हैं । इनमें प्रमुख है धान नुआखाई, आम नुआखाई, सेमी नुआखाई, महुआ नुआखाई, गुरुजी नुआखाई इत्यादि । जिस भी फसल को वर्ष मे पहली बार खाया जाता है उसे उस फसल का नुआखाई कहा जाता है ।
कुछ परिवार माघ महीने में भी नुआ खाते हैं । जिसे माघ नुआ कहते हैं । अब ग़ौर करने वाली बात यह है कि धान प्रमुख भोजन है और पश्चिम ओडिशा में अधिकतम किसान परिवार धान उगाते हैं । बारिश के बाद पहला और प्रमुख उपज धान ही होता है इसलिए धान नुआखाई ज़्यादा प्रचलित हो गया और धान, नुआखाई का पर्याय बन गया।

भिन्न-भिन्न गोत्र में नुआखाई की भिन्न-भिन्न परंपरा :-

अलग अलग गोत्र में अलग अलग तरह से नुआखाई मनाने की परम्परा है । जैसे सुना और महानन्द गोत्र के लोग कुरे पत्ता की जगह सारू पत्ता में नुआखाई का प्रसाद खाते हैं । तांडी गोत्र वाले कुछ परिवार के लोग नुआखाई के दिन सारा प्रसाद और भोजन पुरुष बनाते हैं । महिला का भोजन बनाना वर्जित है। परिवार का मुखिया पुरुष नुआखाई की पहली रात के तीसरे पहर पीदोर में अपने मसान-डूमान का पूजा कर निर्वस्त्र होकर गॉंव-मोहल्ले में किसी दूसरे के घर का पानी चुराकर लाते हैं और उसी पानी से नुआखाई का प्रसाद और भोजन बनाते हैं । वर्तमान में पानी चुराने की परंपरा जारी है । लेकिन निर्वस्त्र होकर पानी चोरी की जगह अब नयी धोती पहनकर लोग पानी चुराते हैं। कुछ गोत्र के लोग नुआखाई दिन के लिए ही घर के ठीक बाहर अस्थायी पिदोर बनाकर कर पुरखों की सेवा करते हैं और दूसरे दिन उस पिदोर को साफ़ कर हटा देते हैं । कुछ और गोत्र वाले परिवार गांव के बेसमुड़ा या अन्य किसी जगह पर अस्थायी पिदोर का निर्माण कर अपने कुलदेवता का सेवा करते हैं । खेतों में जाकर भी धान की सेवा की परंपरा है ।

तिथि निर्धारण :- नुआखाई के लिए पंचांग और मुहूर्त की कोई परिकल्पना नहीं है। शुरुवात में नुआखाई तिथि निर्धारण की भी कोई परम्परा नहीं थी । फसल के पकने और उपलब्ध होने के आधार पर लोग नुआ खाते थे । भिन्न-भिन्न गांव और एक ही गांव के भिन्न-भिन्न मांदी में अपनी-अपनी सुविधानुसार नुआ खाते थे। लेकिन इससे समस्या पैदा हो जाती थी । समस्या यह थी कि पहले नुआ खाने वाले गाँव या मांदी के घर अगर नुआ नहीं खाया हुआ मेहमान या कोई अन्य व्यक्ति किसी काम से पहुंच जाता तो नुआ खाये हुये घर में भोजन नहीं कर सकता था । यहां तक कि पानी भी नहीं पी सकता था। क्योंकि ऐसी मान्यता है कि अगर मेहमान, नुआ खाये घर का कुछ भी खाता है तो उनके पुरखे (कुल देवता) रुष्ट हो जाते । पुरखों को अर्पण किये बग़ैर भोग करना उचित नहीं माना जाता है । इस समस्या को दूर करने के लिए वर्ष 1991 में ओडिशा की तत्कालीन बीजू पटनायक सरकार ने भादपद्र मास की शुक्ल पक्ष के पंचमी को नुआखाई पर्व की घोषणा की। तब से इसी तिथि को अधिकांश लोग नुआ खाते हैं। इन सब के बावजूद आज भी कालाहांडी ज़िले में भवानीपाटना के लोग पंचमी की बजाय दशमी को नुआ खाते हैं । पुराने समय में गांव, पारा या मांदी के लोग बैठक कर सुविधानुसार नुआखाई तिथि की घोषणा करते थे । राजा के शासन में राजा तिथि की घोषणा करता था । बाद में जैसा कि उपरोक्त वर्णित है प्रशासनिक घोषणानुसार मनाया जाने लगा है।

नुआखाई की तैयारी :-

नुआखाई की तैयारी माह भर पहले शुरू हो जाती है । महीने भर पहले घर की सफाई, लिपाई-पुताई किया जाता है । घर के सारे कपड़े और वस्तुओं को धोया जाता है । ऐसा माना जाता है कि बाद में विकसित नागर त्यौहारों में घरों की साफ़ सफाई और अन्य प्रमुख परंपरा नुआखाई से प्रेरित होकर शुरू हुई । साफ़ सफाई पूर्ण होने पर आवश्यक चीज़े जैसे नया धान, चिवड़ा, गुड़, नया हांडी, कुरे पत्ता, तेल, मुर्गा, बकरा, बरहा और यथासम्भव नये कपड़ो की ख़रीददारी की जाती है। घरों की साफ़ सफाई के पीछे कृषि उपजों का सही भंडारण भी एक उद्देश्य हैं। साल भर उपज कीटों और दूसरे नुकसानदेह चीज़ों से सुरक्षित रहे इसलिए घर की पूर्ण सफ़ाई आवश्यक है। नये फसल का स्वागत और उसके सुरक्षित भंडारण के लिए सम्पूर्ण घर की सफ़ाई की जाती है।

रुगीजुगी भगाना :- नुआखाई के क़रीब हफ़्ता भर पहले गांव, पारा और
मांदी को रोगमुक्त करने का उपक्रम किया जाता है । इसके लिए नुआखाई तिथि निर्धारण के ही दिन तय किया जाता है कि रूगी जुगी भगाने के लिए गाँव या मांदी के सभी घर रुपये और आवश्यक सामग्री प्रदान करेंगे । एकट्ठा हुए रुपयों से मुर्गा और अन्य आवश्यक चीज़े ख़रीदी जाती है। गाँव का दियारी (गुनिया) और उसके सहयोगी धूप जलाकर सभी घरों में आहार देते हुए गांव के बाहर उस गोरसी, मुर्गा और अन्य सामग्री को छोड़ आते हैं । मान्यता है कि इससे सारे रोग और रोगाणु गांव से दूर भाग जाते हैं । रोगों से मुक्ति आनंदोत्सव के लिए आवश्यक है । पर्व में किसी तरह का बाधा न हो और गॉंव के सारे लोग स्वस्थ एवं हर्षोल्लास के साथ नुआ मना सकें इसके लिए यह उपक्रम किया जाता है ।

तीन दिनी पर्व :- नुआखाई मुख्य रूप से तीन दिन का लोक पर्व है । यह एक जनजातीय पर्व है । पहला दिन उपास, दूसरे दिन नुआखाई और तीसरे और अंतिम दिन बासी-तियासी होता है । उपास के दिन घर का मुख्य सुबह नहाने के बाद पिदोर में चावल का पूंजी करके उसके ऊपर पानी भरा लोटा या हांडी रख उसके ऊपर दीया जलाता है । पुरखों को चावल का ओक्ता करता है । साथ ही अपने पुरखों को लांगचांग होकर प्रणाम करता है। घर का मुख्या सम्पूर्ण दिन उपवास रखता है। दूसरे दिन मुख्यपर्व नुआ खाया जाता है । परिवार के सारे सदस्य सुबह से निर्जला उपवास रहते हैं । नुआ धान,नुआ चिवड़ा,गुड़, गुरस, पीठा, कुकरा, बकरा और अन्य सामग्री पिदोर में चढ़ाया जाता है। उसके बाद नया धान कोंड़ा, चिवड़ा, गोरस, गुड़ सबको मिलाकर सम्पूर्ण परिवार नुआ खाते हैं। इसके बाद मुड़ी जोखा खाया जाता है। उसके उपरांत मांसाहार भी किया जाता है । कुछ परिवार मुड़ी जोखा बासी के दिन खाते हैं । नुआ खाने के बाद गांव के लोग एक दूसरे में प्रसाद और भोजन का आदान-प्रदान करते हैं ।

जुहार भेट :- नुआ खाने के बाद महिला-पुरुष, बच्चे-बुज़ुर्ग पूरे गॉंव में एक दूसरे के घर जाकर आपस में जुहार भेंट करते हैं । बच्चे बड़ों का पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं । लोग आपस में बैठकर सुख-दुख की बातें करते हैं । एक दूसरे के घरों में भोज की भी परम्परा है । इसके पीछे मान्यता यह है कि बारह बछर (महीने को बछर कहते हैं) का अमृत फल नुआ इस बछर भी सामूहिक, शांति और सौहार्द्रपूर्ण से मना पाये । हम सबको मिलजुल कर संकट और ख़ुशी दोनों समय मे एकजुट रहना है इसी में हमारी भलाई है । दोनों हाथों से हाथ जोड़कर किया जाने वाला यह प्रणाम नुआखाई जुहार भेंट कहलाता है । इसके पीछे बड़ों के आशीर्वाद के साथ ही पारिवारिकता और सामाजिकता की भावना का समावेश है। इसी दौरान लोकगीत, लोकनृत्य और सामूहिक मिलन इस अवसर को सामाजिक उत्सव में बदल देते हैं।
इस प्रकार तीन दिन का नुआखाई लोक पर्व सम्पन्न होता है। आजकल लोग नुआखाई जुहार भेंट का बड़े रूप में आयोजन करने लगे हैं।
शहरों में यह आयोजन आजकल बड़े धूमधाम से होने लगा है। नुआखाई और समाज के नाम पर होने वाले यह आयोजन सामाजिक कम और व्यक्तिगत राजनैतिक स्वार्थसिद्धि का आयोजन ज़्यादा नज़र आता है ।

नुआखाई का संकल्प :- नुआखाई सिर्फ़ एक पर्व ही नहीं एक महान सांस्कृतिक परम्परा है । इसलिए इस वर्ष के नुआखाई में हमें कुछ संकल्प लेना होगा । भावनात्मक मुद्दों की जगह बुनियादी मुद्दों पर काम करना होगा। ग़रीबी, बरोज़गारी,अशिक्षा, आवास, पानी, नशा, अपराध, बाल मजदूरी, जातिवाद, आरक्षण और लैंगिक असमानता जैसे ज़रूरी मुद्दों से समाज को जोड़ना होगा । केवल भीड़ को उपलब्धि बताने से कुछ नहीं होगा ।

क़रीब पच्चीस साल पहले एक ज़िम्मेदार पत्रकार नें एक रिपोर्ट लिखी थी । जिसमें उन्होंने लिखा था कि पश्चिम उड़ीसा से आये गांडा-घांसी और अन्य जाति के मजदूर एक दिन छुट्टी पर चले जायें तो रायपुर शहर में सूरज नहीं निकलेगा । पूरा शहर लगभग ठप्प हो जायेगा। ऐसे ज़िम्मेदार पत्रकार साथी को सलाम जिन्होंने इन हाशिये पर पड़े लोगों की पीड़ा और ताक़त को उजागर किया ।
आमतौर पर मीडिया हाशिये पर पड़े लोगों को गैर ज़रूरी समझता है । उसकी कलम और कैमरा सत्ता एवं रईसों के इर्दगिर्द ही कदमताल करती है। लेकिन इन समुदायों की ताक़त उस पत्रकार साथी ने पहचानी । ये समुदाय ख़ुद कब अपनी ताक़त पहचानेगे ? पत्रकार साथी के लेख को चरितार्थ करती एक घटना साझा करता हूँ।
शहर के एक नामी हॉटेल जो अपने स्वादिस्ट व्यंजन के लिए मशहूर एवं ग्राहकों का चहेता है, हर साल नुआखाई में बंद हो जाता है । एक बार एक ग्राहक ने इस हॉटेल के बंद रहने का कारण बगल वाले दुकानदार से पूछा-
——– ये हॉटेल हर साल नुआखाई में क्यों बंद रहता है? क्या मालिक उड़िया है जो नुआ खाने के लिए हॉटेल बंद कर देता है ?
——— नहीं साहब, दूसरी सवर्ण जाति का है ।
—- तो फिर हॉटेल क्यों बंद रखता है?
—- स्वादिस्ट भोजन बनाना और परोसना सेठ के बस में थोड़ी है। काम करने वाले सभी कर्मचारी नुआ खाने गये है । सेठ अकेले थोड़े ही काम कर पायेगा। उसकी जगह तो गद्दी में है। उसे मज़बूरन दुकान बंद करना पड़ता है ।

लेखक इसी बिंदु पर इस समाज के लोगों से अपील करता है – हमें हमारी ताक़त पहचाननी होगी । क्योंकि दिन ब दिन संकट गहराता जा रहा है। सफ़ाई और घरेलु काम के उ भी कारपोरेट की गिद्ध दृष्टि पड़ चुकी है। सोशल मीडिया में कई एप्प के माध्यम से घरेलु और सफ़ाई कामगार उपलब्ध कराने का विज्ञापन ज़ोरों पर है । ये एप्प सुरक्षा और दक्षता का ढिंढोरा पीटते हुये अपने व्यापार को स्थापित करने में लगे हुये हैं । इसका सीधा असर घरेलु और सफ़ाई कामगार पर पड़ेगा । जहाँ पहले से ही न्यूनतम मजदूरी और बेरोज़गारी की मार झेल रहे बिरादरी को अब और अधिक मार झेलने को तैयार रहना होगा । काम इसी बिरादरी के लोग ही करेंगे लेकिन अब बिचौलिया का प्रवेश हो गया है । बिचौलिया वेतन निर्धारित करेगा । कम कार्य सुरक्षा और वेतन के मजदूर को काम करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा और असली मलाई बिचौलिया उड़ा लेगा । इस तरह की समस्याओं से निपटने के लिए इस वर्ष हमें कुछ ठोस पहल करनी होगी । हमें धीरे-धीरे अपनी मांगों को रखना होगा । शुरुवात हमें घर-घर से जो कचरा एकत्र किया जाता है, वहां से शुरुआत किया जा सकता है । अब कचरा खुला नहीं पेपर में लपेट के या पालीथिन या फिर कपड़े के बैग में भरकर दिए जाये । इसके अलावा दूसरे अन्य सफ़ाई के कामों में पर्याप्त सुरक्षा, सम्मान और उचित मेहनताना एवं अनहोनी होने पर समुचित मुआवजा दिया जाये । वर्षों पहले इन्ही बुनियादी मांगों की लड़ाई के लिए वर्षों पहले रायपुर के राजनैतिक कार्यकर्ता सुधीर मुखर्जी इनकी गलियों में गये थे । उन्हें संगठित किया और बड़ी सफल लड़ाई लड़ी। उचित सम्मान और मेहनताना दिलवाया । आज भी लोग सुधीर दादा का नाम सुनते ही सम्मान से सिर झुकाते हैं । अब दूसरे सुधीर दा का इन्हें बेसब्री से इंतज़ार है । ऐसे ही एक और साथी हुये प्रभाकर कुम्हार जिन्होंने रायपुर शहर के आवासहीनों की लड़ाई लड़ी। इसके लिए उनकी कई बार जेल यात्रा हुई। कई बार उनकी पुलिसिया बूट और बेंतों से भी बर्बर पिटाई हुई । प्रभाकर कुम्हार की ईमानदार लड़ाई ने उनकी जेल यात्रा और पुलिसिया दमन के बावजूद ग़रीबों के आशियानों को उजड़ने नहीं दिया । सुधीर दा और प्रभाकर कुम्हार ने कोई सम्पति नहीं बनाई। प्रभाकर जी का अंतिम समय बहुत अभाव में गुज़रा। उनके संगठन वालों ने भी उनका साथ नहीं दिया । समाज ने भी उन्हें भुला दिया।
हमारे शहरों में बड़े प्रगतिशील कहलाने वाले भी रहते हैं । शोषण पर बड़ी बड़ी बातें करते है लेकिन इन बस्तियो का नाम सुनते ही इनके नाक भौं सिकुड़ जाते हैं । अंतिम पायदान के लोगों तक जाने की सोच भी नहीं सकते। जो हाशिये के लोगों तक पहुंच भी नहीं सकता वो काहे का प्रगतिशील है ? उसकी सारी प्रगतिशीलता बेमानी है।

इस नुआखाई यह भी संकल्प लेना होगा कि कैसे समाज को अंधविश्वास और पाखंड से मुक्त करायें । कैसे धार्मिक और राजनैतिक भीड़ के इस्तेमाल से बचायें । समाज सुधार का दावा करने वाले कई संगठन अपनी उपलब्धियाँ गिनाने में लगे हुये हैं । लेकिन इन संगठनों में न तो लोकतंत्र है न पारदर्शिता, न प्रतिबद्धता और न ही अनुशासन। कुछ लोग ख़ुद को सर्वज्ञाता मनाते हैं । व्यक्तिवाद कूट-कूट के भरा है । इनकी कोई विचारधारा भी नहीं है।
विचारधारा के बग़ैर कोई व्यक्ति या समाज प्रगति नहीं कर सकता है। मूलभूत समस्याओं पर कार्य करने की बजाय कुछ संगठन भीड़ जुटाकर शौर्य प्रदर्शन और सत्ता की परिक्रमा को समाज की उपलब्धि बताने में लगे हुये हैं ।

बहरहाल इन सबके बावजूद समाज के ज़ेन ज़ी से उम्मीद बंधती है । ये ज़ेन ज़ी अपने संवैधानिक अधिकारों को समझते हैं और उसके लिए लड़ना की चाह भी रखते हैं । दिक़्क़त इस बात की है कि इन्हें सही मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है। लेकिन निराश न हों । अध्ययन और वैज्ञानिक चिंतन ही आपका सही मार्गदर्शन करेगी। आपको मंज़िल तक पहुंचाएगी । लेखक कहता है – ख़ुद के रास्ते को पुस्तकालय की तरफ़ मोड़ो । वहीं से तुम्हारी परेशानियों का अंत होना शुरू होगा।

समाज के वरिष्ठ बुद्धिजीवियों को मोर्चा संभालना होगा । समाज का इस्तेमाल करने वाले नेताओं से दूर होके बुद्धिजीवियों का समर्थन करना होगा । किसी भी समाज की उन्नति में बुद्धिजीवियो का बड़ा योगदान होता है। जिस समाज के पास बुद्धिजीवी नहीं वो समाज दिशाहीन हो जाता है। समाज को अपना नायक गढ़ना होगा । ऐसा नहीं है कि समाज में नायक नहीं हुए, हम पहचान नहीं पा रहे हैं क्योंकि हम दूसरों के नायकों को अपना नायक मान बैठे हैं । हमारी आंखों में ग़ुलामी का चश्मा चढ़ा दिया गया हैं । हम ग़ुलामी पर इतरा रहें हैं । बाजे गाजे के साथ ग़ुलामी को सेलिब्रेट कर रहे हैं । धरती का बहुत कम संसाधन ख़र्च करने वाले, अत्यधिक अभावो में भी समाज और राष्ट्र की सेवा करने वाले, हाड़तोड़ मेहनत और ईमानदारी से गृहस्थी चलाने वाले लोग नायक क्यों नहीं हो सकते हैं । यही हमारे सच्चे नायक हैं। चश्मा उतारों तुम्हे अपने नायक दिखाई देंगे जिन्होंने समाज के लिए बहुत त्याग किया है। लाठी डंडे खाये हैं । जिस तरह हम नुआखाई अपने पुरखों की कृतज्ञता के लिए मनाते हैं उसी तरह हमें हमारे नायकों का स्मरण करना होगा । आज के लिये नए नायक चुनना होगा। व्यक्तिवादी राजनैतिक स्वार्थी लोगों से कोई अपेक्षा मत रखों । सामूहिकता की भावना का विकास करो । अपनी मांगों के लिए आवाज़ उठाओ। आवाज़ उठाने वाले इतिहास में दर्ज़ होते हैं तलवे चाटने वाले नहीं ।
एकजुट हो जाओ। दलालों के चक्कर में मत आओ। ईमानदार नेतृत्व पैदा करो। देखना तुम्हारे जीवन में हर दिन नुआखाई होगा । अभी तुम्हारे हिस्से का नुआ दूसरे लोग खा रहे हैं।

(लेखक संस्कृतिकर्मी शेखर नाग मोबाईल 98271- 82520 हैं जो रायपुर में रहते हैं।)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here