हसदेव नदी तट पर हुआ हादसा , क्षेत्र में छाया मातम
कोरबा। जिले के हसदेव नदी तट पर रेतीले जमीन में कोयला खुदाई के दौरान रेत युक्त कोयला भरभरा कर गिरने से एक युवक और एक महिला की मौके पर ही दबकर मौत हो गई है. घटना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है । वहीं दो लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसर गया है ।
सिटी कोतवाली अंतर्गत मोतीसागर पारा के मांझी मोहल्ला बस्ती निवासी 22 वर्षीय शिवलाल मांझी और 35 वर्षीय राजकुमारी श्रीवास सुबह हसदेव नदी में कोयला खुदाई करने निकले थे । खुदाई करते हुए सुरंग नुमा गड्ढे में घुसकर कोयला निकाल रहे थे जिसके बाद अचानक रेत युक्त कोयला भरभरा कर उनके उपर गिर गया ।मलबा गिरने से दोनों नीचे दब गए. कुछ देर बाद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई । इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों की मदद से कोयले में दबे दोनों के शव बाहर निकाले गए।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक महिला की दो बेटियां है जो अभी 5वर्ष और 10वर्ष की है। जिनके सिर से माँ का साया उठ गया है वहीं युवक अभी महज 22 वर्ष का है ।जिसका घर वालों ने लॉकडाउन के बाद हाथ पीले करने के सपने संजो रहे थे ,लेकिन घर पर चूल्हा जलाने और पेट भरने के इस जद्दोजहद ने उन्हें काल के मुंह में धकेल दिया।बहरहाल इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हसदेव नदी तट पर कोयला खुदाई करते टीले से रेत युक्त कोयला गिरने से दोनों की दबकर मौत हो गई । घटना स्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि खुदाई न हो । वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वैधानिक कार्रवाई की गई है ।
-दुर्गेश शर्मा
निरीक्षक सिटी कोतवाली



