नईदिल्ली। सोशल मीडिया क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी फेसबुक ने मुकेश अंबानी के नेतृव वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह की कंपनी जियो प्लेटफार्म्स लिमिटेड की 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का करार किया है। कंपनियों ने बुधवार को यह घोषणा की। बयान के मुताबिक यह सौदा 43,574 करोड़ रुपये (5.7 अरब डालर) का है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के दूरसंचार नेटवर्क जियो की शत प्रतिशत हिस्सेदारी जियो प्लेटफार्म्स लिमिटेड के पास है। इस बड़ी डील के बाद फेसबुक अब जियो की सबसे बड़ी शेयरहोल्डर बन गई है।
फेसबुक के साथ साझेदारी पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा कि जब रिलायंस ने 2016 में जियो को लॉन्च किया था तब हम हर भारतीय के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने और भारत को दुनिया की अग्रणी डिजिटल सोसाइटी के रूप में प्रचारित करने के सपने से प्रेरित थे। इसलिए रिलायंस के हम सभी लोग भारत के डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करने और बदलाव लाने के लिए हमारे साझेदार के रूप में फेसबुक का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि जियो और फेसबुक के बीच तालमेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया मिशन और उसके ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ड्यूंग बिजनेस के लक्ष्य को पूरा करेगा। वहीं, उन्होंने विश्वास जताया कि कोरोना वायरस के खत्म होने के बाद भारत की इकॉनमी सबसे कम समय में बेहतर होगी।
इस डील के बाद जुकरबर्ग ने कहा, मैं मुकेश अंबानी और पूरी जियो टीम को उनकी साझेदारी के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं नई डील को लेकर बहुत उत्साहित हूं। वहीं रिलायंस ने एक अलग बयान में कहा कि फेसबुक ने जियो प्लेटफॉर्म्स पर 4.62 लाख करोड़ रुपये के प्री-मनी एंटरप्राइज वैल्यू (यूएसडी 65.95 बिलियन अमरीकी डॉलर को 70 रुपये प्रति डॉलर पर चेंज करने के बाद) मानकर निवेश किया।



