भिलाईनगर। सुपेला थाने के पीछे राधिका नगर तालाब में आज दोपहर एक किशोरवय युवक की लाश तैरती हुई मिली। मृतक की पहचान गौतम कुमार सिंह, 17 वर्ष, निवासी लक्ष्मी नगर मार्केट सुपेला के रूप में हुई है। किशोर के नहाते समय गहरे पानी में डूब जाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। आज दोपहर के वक्त राधिका नगर तालाब में एक लाश को तैरते देख लोगों में सनसनी फैल गई। थाने के ठीक पीछे ही तालाब होने से सुपेला पुलिस को सूचना मिलते देर नहीं लगी। मौके पर पहुंँची पुलिस ने स्थानीय युवकों की मदद से लाश को बाहर निकलवाया।
मृतक की शिनाख्त लक्ष्मी नगर मार्केट निवासी गौतम कुमार सिंह के रूप में की गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि, शुक्रवार को ढाई बजे के आसपास गौतम घर से निकला था। उसके घर नहीं लौटने पर रात को परिजन संभावना वाली जगहों पर तलाशते रहे। वहीं आज उसके लाश मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि, नहाने के लिए तालाब में उतरने के बाद गहरे पानी में डूब जाने से उसकी मौत हो गई। इस मामले में सुपेला पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।



