रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के डायल 112 में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक तुलसीराम भोई की रविवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आरक्षक तुलसीराम भोई शनिवार को नाइट शिफ्ट में डायल 112 में तैनात थे। इस दौरान रविवार अलसुबह करीब 5 बजे उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई, उन्होंने डायल 112 वाहन के चालक उमेश साहू से अस्पताल ले चलने का अनुरोध किया। उन्हें नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा पहुंचने पर यहां तैनात चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरु किया लेकिन इस दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और मृत्यु हो गई। चिकित्सकों ने तत्काल इसकी जानकारी थाना प्रभारी राकेश ठाकुर को दी ।
सूचना पर थाना प्रभारी स्टाफ सहित अस्पताल पहुंचे और महासमुंद जिले के सराईपाली निवासी आरक्षक तुलसीराम भोई के परिजनों को सूचित किया गया। जिसके बाद उनके भाई यहां पहुंचे। अस्पताल में ही मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बैच क्रमांक 1184 के आरक्षक तुलसीराम सरल और मृदुभाषी थे। उनका आपात सेवा में रात में नाइट शिफ्ट में डायल 112 में ड्यूटी लगाई गई थी। तब उन्हें इस बात का जरा भी आभास नहीं था कि इमरजेंसी सेवा में उनकी तैनाती उनके लिए ही इस तरह का हादसा लेकर आएगा।



