रायपुर। राजधानी में एक बार फिर चाक़ूबाज़ी का मामला सामने आया है। ये मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशालपुर चौक की हैं, जहाँ एक युवक ने दिनदहाड़े किराना दुकानदार पर चाकू से हमला किया और फ़रार हो गया। पुरानी बस्ती पुलिस ने बताया कि कुशालपुर में अमर लाल सोनकर का किराना दुकान है। रोज की तरह आज सुबह भी वह अपने दुकान खोलने के लिए घर से रवाना हुआ। कुशालपुर में अपने दुकान का ताला खोलकर वह ग्राहकी निपटा रहा था। इसी बीच आरोपी मयंक उपाध्याय वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर अमरलाल सोनकर के साथ उसकी कहासुनी हो गई।
दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना अधिक बढ़ा कि आरोपी ने तैश में आकर अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी पर ताबड़तोड़ वार कर वहां से भाग निकला। अमरलाल को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया की आरोपी मयंक उपाध्याय मैट्स यूनिवर्सिटी का छात्र है, और अमरलाल सोनकर से उसकी आपसी रंजिश थी जिसका बदला लेने के लिए उसने किसी तरह से व्यवसायी पर हमला किया। इधर पुलिस ने आरोपी मयंक उपाध्याय के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया हैं। और आई.पी.सी की धारा 307 के तहत रिमांड में भी ले लिया है।



