मुंबई। देश में पिछले एक हफ्ते में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा दर्ज किया गया है. पिछले एक सप्ताह में देश में कोरोना के 20 हजार नए केस सामने आए हैं. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अभी भी सबसे ज्यादा केस मिल रहे हैं. यही कारण है कि राज्य में कोरोना की जंग लड़ रहे महाराष्ट्र पुलिस के जवानों पर भी संक्रमण का असर दिखने लगा है. अभी तक की जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र में अब तक 714 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से 61 पुलिसकर्मी ठीक हो चुके हैं.
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है. शुक्रवार शाम के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में कोविड-19 के 731 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में अभी तक वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 19,063 पहुंच गई है. राज्य में संक्रमण से आज 37 लोगों की मौत होने के साथ ही कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 731 हो गई है. महाराष्ट्र में पुलिसकर्मी भी तेजी से कोरोना संक्रमित हो रहे हैं. बताया जाता है कि पूरे राज्य में 714 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव है जिनमें से 61 अब तक ठीक हो चुके हैं. अभी भी 648 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित बताए जा रहे हैं जबकि 5 पुलिसकर्मियों की अब तक मौत हो चुकी है.



