रायपुर। राज्य के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने जेल विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कोरोना संक्रमण के चलते विशेष सावधानी बरतने, नए बंदियों की पूर्ण जांच-पड़ताल के बाद पृथक बैरकों में रखने का निर्देश दिया।
अपने शासकीय निवास में जेल विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए गृहमंत्री श्री साहू ने विभाग के कामकाजों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में साफ-सफाई, सेनेटाईजेशन, सामाजिक दूरी का पूर्णत: पालन करने व कराने का निर्देश जेल महानिदेशक को दिया। गृहमंत्री श्री साहू ने जेल में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने व चिकित्सा सुविधा बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने बजट में प्रावधानिकत नवीन मदों के कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त करने और निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ करने काभी निर्देश दिया। उन्होंने जेलों में व्यवसायिक कार्यों को बढ़ावा देकर, बंदियों के आय स्त्रोत को बढ़ाने का भी सुझाव दिया। बैठक में बताया गया कि रायपुर में 600 बंदियों की क्षमता के अनुसार नए बैरक का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। इसके अलावा दुर्ग एवं बिलासपुर में भी 1000 बंदियों की क्षमता वाले बैरकों का निर्माण कार्य चल रहा है और यह जल्द पूर्ण हो जाएगा। इससे राज्य में बंदियों की क्षमता 12 हजार से बढ़कर 13600 हो जाएगी। बैठक में अतिरिक्त महानिदेशक जेल संजय पिल्ले सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।



