- आपदा से निपटने में मिलेगी मदद
- सीएम बघेल ने ट्विटर पर जताया आभार
कोरबा:- कोरोना के खिलाफ प्रदेश सरकार जिस तरह से निपटते हुए एहतियाती कदम उठा रही है, वह काबिले तारीफ है. प्रदेश सरकार के इस प्रयास में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) भी सहयोगी बना है. आपदा से निपटने बालको ने मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच करोड़ रुपए का दान दिया है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्विटर पर बालको का आभार जताया है.
बालको अपने सामुदायिक सेवा कार्यों के लिए जाना जाता है. उत्पादन के साथ सामुदायिक विकास पर जोर देते हुए बालको ने स्वरोजगार के द्वार खोले हैं. वहीं लोगों को स्वावलंबी बनाने कई परियोजनाएं शुरू की है. कोरोना से जंग में भी बालको प्रबंधन शुरूआत से शासन प्रशासन को मदद मुहैया कराता आ रहा है. वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कोरोना से निपटने 100 करोड़ रुपए मदद की घोषणा की थी. अब बालको प्रबंधन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में भी पांच करोड़ रुपए दान दिया है. छत्तीसगढ़ में कोरोना को लेकर स्थिति अन्य राज्यों की अपेक्षा काफी बेहतर है. प्रदेश में जितने भी कोरोना संक्रमित मिले, उन्हें तत्काल एम्स दाखिल करने के साथ पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज किया गया. बचाव व एहतियात के कदम उठाए गए. अस्पतालों को कोरोना के इलाज के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है तो स्कूल, हास्टल सहित अन्य स्थानों को क्वारेंटाइन सेंटर बनाए गए हैं. इस कार्य में छत्तीसगढ़ सरकार को आर्थिक सहयोग की जरूरत भी पड़ रही है. सीएम राहत कोष में आम और खास लोग मदद पहुंचा रहे हैं. इसी कड़ी में बालको प्रबंधन ने भी पांच करोड़ रुपए की सहायता दी है.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने ट्विटर हैंडल से बालको को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए लिखा है कि मैं बालको को राहत कोष में पांच करोड़ रुपए दान करने के लिए धन्यवाद देता हूं. इन कठिन समय के दौरान लोगों को चिकित्सा और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए हमारे प्रयासों में यह उदार योगदान एक लंबा रास्ता तय करेगा.



