धमतरी। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग हीरा खदान से हीरे की तस्करी कर रहे 2 तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 41 नग हीरा बरामद हुआ है. जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है. मामला धमतरी जिले के नगरी थाना इलाके का है।
बताया जा रहा है कि गरियाबंद के देवभोग खदान से हीरे की चोरी कर तस्करी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। तस्करों द्वारा ग्राहकों की तलाश में नगरी की तरफ आने की जानकारी मिलते ही नगरी पुलिस के आलाधिकारियो की टीम पहुंचकर नाकाबंदी कर दी।
सुबह-सुबह एक बाइक रास्ते में आता हुआ दिखाई दिया. बाइक में दो युवक सवार थे, जिनसे पूछताछ करने पर युवकों ने अपना नाम गोपीचंद मरकाम (32 वर्ष) ग्राम गहनासियार नगरी और बलिराम मेश्राम (30 वर्ष) राम धवलपुर थाना मैनपुर गरियाबंद का होना बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 41 नग हीरा बरामद हुआ। जिसे वे ग्राहकों के पास खपाने के लिये लेकर आ रहे थे।



