कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को अपनी गिरफ्त में लिया और इससे बचने के लिए भारत सहित तमाम देशों में लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन के दौरान लोगों से घर में रहने की अपील की गई और लोगों ने अपने परिवार के साथ समय बिताया। वहीं, फिल्म ऐक्ट्रेस सेलिन जेटली ने बताया है कि उन्होंने लॉकडाउन में अपने बच्चों को उनकी मातृभाषा हिंदी सिखाने की कोशिश की है।
सेलिना जेटली ने कहा, मेरे तीन छोटे लड़के हैं और लॉकडाउन के दौरान मेरे पास उनके लिए बहुत समय था। मेरे बड़े जुड़वां बच्चे विंस्टन और विराज आठ साल के हैं और छोटा आर्थर ढाई साल का है।
सेलिना जेटली ने आगे कहा, मेरे पति पीटर बच्चों को जर्मन सिखा रहे हैं और मैं उन्हें थोड़ी हिंदी सिखाने की कोशिश कर रही हूं। एक ही मौका मिला है उन्हें हिंदी सिखाने का इसलिए मैं यह कोशिश कर रही हूं, जितना मैं कर सकती हूं। हम उन्हें पंचतंत्र और महाभारत की कहानियों के बारे में बताते हैं, बच्चे छोटे कृष्णा की कहानियां पसंद कर रहे हैं।
ऐक्ट्रेस अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोडऩे के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। सेलिना जेटली ने कहा, मेरे लिए यह सच में महत्वपूर्ण है कि मेरे बच्चे हमारी संस्कृति के बारे में जानें क्योंकि भारतीय के पास समृद्ध विरासत है। मुझे पता है कि वे आधे ऑस्ट्रियन हैं लेकिन उन्हें अपनी भारतीयो जड़ों के बारे में भी जानने की जरूरत है।
बता दें कि सेलिना जेटली ने साल 2001 में मिस इंडिया का खिताब जीता था। उन्होंने साल 2003 में आई फिल्म जानशीन से अपने बॉलिवुड करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में फरदीन खान थे।
सेलिना जेटली ने साल 2011 में ऑस्ट्रिया के बिजनेसमैन पीटर हाग से शादी की। साल 2012 में उनके जुड़वां बेटों विंस्टन और विराज का जन्म हुआ। वहीं छोटे बेटे आर्थर का जन्म साल 2017 में हुआ था।



