भिलाईनगर। पुलिस ने विगत 4 वर्षों से अपनी वास्तविक पहचान छुपाकर कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी सुपेला में रह रही बांग्लादेशी महिला को उसके भाई के साथ गिरफ्तार किया है। महिला के पति की तलाश की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बांग्लादेशी महिला रसीदा बेगम खुलना बांग्लादेश से वैध पासपोर्ट और वीजा प्राप्त कर 2016 में कलकत्ता आयी थी जहाँ उसकी पहचान विमल कुमार दास आ.बनवारी दास, 50 साल निवासी पूर्वी मेदनापुर मरचंडी पश्चिम बंगाल से हुआ और दोनों एक साथ सुपेला कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी में आकर रहने लगे। दो वर्ष तक दोनों पति-पत्नी की तरह रहते रहे और दो वर्ष पश्चात बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में जाकर सिंदूर लगाकर विमल कुमार ने रसीदा बेगम से विवाह कर लिया।
इस बीच रसीदा बेगम अपने मूल निवास बांग्लादेश आती जाती रही जहाँ उसका पूर्व पति फारूख के साथ तलाक हो चुका था और उसके दो बच्चे उसकी माँ के पास रहते हैं। रसीदा बेगम ने खुद के बांग्लादेशी होने की बात छिपायी इस कार्य में विकल कुमार दास ने उसका साथ दिया और रसीदा को भारतीय दिखाने के लिए स्थानीय निवास प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड सहित सारे दस्तावेज छलपूर्वक प्राप्त कर लिये। इस बात का किसी को पता भी नहीं चलता कि, 7 जनवरी के रसीदा बेगम के बुआ का लड़का मो.रशैल पिता मो.फकीर अली, 31 वर्ष निवासी ग्राम-बल्ला, पोस्ट रघुनाथ नगर, थाना-झिकरकसा, जिला-जैसोर, राज्य खुलना, बांग्लादेश से कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी आया परन्तु इस बात की जानकारी उसने पुलिस को नहीं दी और सी फॉर्म भी नहीं भरा।
कुछ दिन यहाँ रहनके बाद वह वापस बांग्लादेश चला गया। माह मार्च 2020 में वह फिर अपनी बहन रसीदा के पास सुपेला आया और इस भी उसने पुलिस को जानकारी नहीं दी। रशैल का वीजा 90 दिन के लिए वैध था जो 12 अप्रैल को समाप्त होने वाला था इसी बीच कोरोना महामारी के कारण लॉकडाऊन हो गया और वह वापस नहीं जा सका। तब डरकर 11 अप्रैल को उसने सुपेला थाने में खुद के बांग्लादेश से आने की जानकारी दी। जाँच के दौरान पुलिस ने पाया कि, रशैल ने अपने विदेशी होने की जानकारी जानबूझकर छिपायी है।
इसी दौरान रसीदा बेगम उर्फ राखी दास के बांग्लादेशी होने का भांडा फूट गया और विमल दास द्वारा रसीदा बेगम के विदेशी होने की जानकारी छुपाने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात भी उजाकर हो गई। सुपेला पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 420, 467, 468, 471, सहपठित धारा 34 भादवि के साथ ही विदेशियों विषयक अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर रसीदा बेगम और रशैल को गिरफ्तार कर रिमाण्ड पर न्यायालय पर पेश किया जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी विमल दास की तलाश कर रही है जो अब तक गिरफ्तार नहीं हो सका है।



