- नहीं मिल पा रहा है दी गई छूट का लाभ
- एक गेट तय होने से फैल रही अव्यवस्था
भिलाईनगर। दुर्ग बायपास सड़क पर बने बाफना टोल प्लाजा में स्थानीय वाहन चालकों को हलाकांन होना पड़ रहा है। स्थानीय वाहन चालकों को टोल टैक्स में दी गई छूट का लाभ उठाने भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। बिना फास्ट टैग और दुर्ग जिले की वाहनों के लिए एक ही गेट तय होने से अव्यवस्था फैल रही है।
बाफना टोल प्लाजा में शासन प्रशासन के हस्तक्षेप पर कुछ दिन पूर्व ही दुर्ग पासिंग गैर व्यवसायिक श्रेणी के वाहनों को टोल टेैक्स लेने से छूट प्रदान की गई है। लेकिन टोल कंपनी के द्वारा दुर्ग पासिंग वाहन चालकों के लिए जो व्यवस्था बनायी गई है, उसके चलते ज्यादातर स्थानीय वाहन चालकों को छूट का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
दरअसल, दुर्ग पासिंग वाहनों को छूट का लाभ देने के लिए बाफना टोल प्लाजा में एक गेट को सुरक्षित रखा गया है। इसी गेट से होकर बिना फास्ट टैग वाले वाहन भी गुजरते हैं। इस वजह से वाहनों का दबाव इसी गेट पर बना रहता है। स्थानीय नागरिक गुजरने के दौरान छूट का लाभ उठाने के इरादे से निर्धारित गेट के सामने अपना वाहन खड़े तो कर देते हैं, लेकिन लंबी दूरी की बिना फास्ट टैग वाली वाहनों के चलते उन्हें दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। इससे सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है।
स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि, दुर्ग पासिंग वाहनों के लिए वर्तमान व्यवस्था को बदलने की जरूरत है। बिना फास्ट टैग वाली गाडिय़ों के चलते अनावश्यक जाम लग रहा है। इसलिए दुर्ग पासिंंग वाहनों के लिए एक अलग स्वतंत्र गेट होनी चाहिए। इस दिशा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी बिना विलंब किये पहल करने की जरूरत है।



