अभनपुर शासकीय अस्पताल से अपहरण किये गये नवजात शिशु को किया गया सकुशल बरामद, मामले में आरोपी पूजा सिन्हा गिरफ्तार
रायपुर। अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बच्चा चोरी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. बता दें कि कल दोपहर एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन से प्रसव कराया गया था, लेकिन देर शाम बच्चा चोरी हो गया। बच्चा चोरी होने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। आज पुलिस को इस मामले में बड़ी कामयाबी मिली है.
पूछताछ में आरोपी पूजा सिन्हा ने बताया कि वह एक तलाकशुदा महिला है तथा उसने वर्ष 2019 में विक्रांत सिन्हा नामक युवक से पुनः विवाह किया था। पूजा सिन्हा को शारीरिक कठिनाई होने से डाॅक्टर द्वारा विवाह के पूर्व यह अवगत करा दिया गया था कि वह कभी मां नहीं बन सकती है, इस बात की जानकारी पूजा सिन्हा द्वारा अपने पति एवं सास- ससुर को नहीं दिया गया था। इसी दौरान आरोपिया ने अपने भाई परस राम सिन्हा के साथ मिलकर किसी भी नवजात शिशु को अपहरण करने की योजना बनायी और नवजात शिशु की तलाश करना प्रारंभ कर दिया। योजना के अनुसार उसने अपने पति को बताया कि वह गर्भवती है तथा वह अपने मायके मोतीनगर टिकरापारा रायपुर जाकर बच्चे को जन्म देगी। जिस पर पूजा सिन्हा कुछ दिनों बाद अपने मायके मोतीनगर टिकरापारा रायपुर आ गयी तथा योजना के अनुसार पूरे घटना को अंजाम दे डाला। टीम द्वारा नवजात शिशु को आरोपिया के कब्जे से सकुशल बरामद किया गया एवं आरोपिया को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।



