नईदिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए नया प्लान तैयार किया गया है. इसके तहत दिल्ली के हर घर की स्क्रीनिंग की जाएगी. दावा किया जा रहा है कि 6 जुलाई तक दिल्ली के हर घर की स्क्रीनिंग कर ली जाएगी. न्यू कोविड रिस्पांस प्लान के तहत दिल्ली के सभी जोन के घरों की जांच होनी है. हालांकि, अरविंद केजरीवाल सरकार का कहना है कि 30 जून तक जांच पूरी कर लेने की तैयारी है. फिर भी अनुमान के मुताबिक 6 जुलाई तक हर घर की स्क्रीनिंग कर ली जाएगी.
बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों के राज्यवार मामलों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या यहीं है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते मंगलवार को दिल्ली में 3 हजार 947 नए संक्रमितों की पहचान हुई, जो एक दिन में दर्ज किया गया अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. कोरोना संक्रमण को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच पिछले सप्ताह हुई बैठकों के बाद नया प्लान तैयार किया गया है. दिल्ली में फिलहाल करीब 62,000 कोरोना संक्रमित हैं.
बता दें कि दिल्ली में 261 ऐसे इलाके हैं, जहां कोरोना का प्रकोप सबसे ज्यादा देखने को मिला है. इन मोहल्लों में निगरानी और गंभीरता से करने का दावा किया जा रहा है, ताकि कोरोना चेन को तोड़ा जा सके. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली सरकार ने कहा है कि च्दिल्ली में हर दिन 2,500 से अधिक नए मामले आ रहे हैं. इनमें 75 मौतें हो रही हैं. लगभग 45 फीसदी मामले कंटेनमेंट एरिया के हैं.



