Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त संसदीय सचिवों को दिलाई शपथ… चिंतामणी महाराज ने संस्कृत...

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त संसदीय सचिवों को दिलाई शपथ… चिंतामणी महाराज ने संस्कृत में लिया शपथ

504
0

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास में छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त संसदीय सचिवों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के अलावा सत्ता व संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थिति थे। शपथ ग्रहण समारोह की विशेषता यह रही कि सबसे पहले शपथ ग्रहण करने आए चिंतामणी महाराज ने संस्कृत में अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

मुख्यमंत्री निवास में आज छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त 15 संसदीय सचिवों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शपथ दिलाया। सर्वप्रथम चिंतामणी महाराज मंच पर पहुंचे और उन्होंने संस्कृत में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके पश्चात पारसनाथ राजवाड़े, श्रीमती अंबिका सिंहदेव, चंद्रदेव राय, द्वारिकाधीश साहू, गुरूदयाल सिंग बंजारे, इंदरशाह मंडावी, कुंवर सिंह निषाद, डा. रश्मि आशीष सिंग, रेखचंद जैन, सुश्री शकुंतला साहू, शिशुपाल सोरी, यूडी मिंज, विकास उपाध्याय तथा विनोद चंद्राकर ने संसदीय सचिव के रूप में शपथ ग्रहण किया।
भविष्य में आपका मंत्रिमंडल में स्थान होगा : मुख्यमंत्री
नवनियुक्त संसदीय सचिवों के शपथ ग्रहण के पश्चात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपना उद्बोधन दिया। श्री बघेल ने कहा कि बहुत दिनों से इस बात की प्रतीक्षा हो रही थी कि संसदीय सचिवों के नामों का ऐलान व उनका शपथ ग्रहण कब होगा? उन्होंने सभी संसदीय सचिवों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी संसदीय सचिव के दायित्वों का बखूबी निर्वहन करेंगे। आप सभी वरिष्ठ मंत्रियों के सतत संपर्क में रहेंगे, उनके कामकाज को निकट से देखेंगे और सीखेंगे कि काम किस तरह से होता है। एक तरह से यह आप सभी के लिए प्रशिक्षण का समय होगा। निश्चित रूप से आप भविष्य में मंत्रिमंडल के सदस्य बनेंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी संसदीय सचिवों को तीन बातो ंपर सदैव ध्यान रखने कहा-क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत रखना, प्रशासनिक कार्य में दक्षता हासिल करना और विधानसभा में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन देना, इन तीन विधाओं में पारंगत व्यक्ति ही सफल होता है।
न्याय योजना से मिल रहा लोगों को सीधा लाभ :
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि आज कोरोना का प्रकोप सर्वत्र है, पर राहत की बात है कि छत्तीसगढ़ राज्य कोरोना संक्रमण के मामले में शुरू से ही अन्य राज्यों की मुकाबले काफी सुरक्षित रहा है। इस विषम परिस्थितियों में मंत्रिमंडल के सदस्यों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों ने इस बीमारी के खिलाफ बढ़-चढ़कर अपना सहयोग दिया है। कांग्रेस के विधायक, जनप्रतिनिधि यहां तक कि ग्राम पंचायत स्तर पर भी लोगों ने छत्तीसगढ़ को इस आपदा से बचाने अपने स्तर पर पूरी कोशिश की है। यही वजह है कि आज भी छत्तीसगढ़ राज्य देश के अन्य राज्यों के मुकाबले में काफी हद तक सुरक्षित बना हुआ है। उन्होने कहा कि संकट अभी कायम है, चुनौतियां समाप्त नहीं हुई है, हमें मिलकर इस संकट से लडऩा है और निश्चित रूप से जीत हम सब की होगी।

उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से आंकड़े बढ़े हैं, लेकिन हम जागरूक रहकर इस समस्या से निपट सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब व्यापारी वर्ग भी ग्राहकों को बिना मास्क के सामान नीं दे रहे हैं। आमजनों को भी नियमों का पालन करते हुए सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए और सदैव मास्क लगाना चाहिए। उन्होंने न्याय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कहा था कि न्याय योजना ऐसी हो जिससे गांव, गरीब, किसान, मजदूरों तक सीधा लाभ पहुंचे। यह खुशी की बात है कि अब न्याय योजना से सीधे हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में आज एक बड़ा फैसला लेते हुए गोबर 2 रूपए प्रतिकिलो में खरीदने का निर्णय लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here