- मुख्यमंत्री निवास में कांग्रेस विधायक दल की बैठक
- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश
रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आज चल रहे कांग्रेस विधयाक दल की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधायकों को 21 जुलाई को हरेली त्योहार के दिन से राज्य सरकार द्वारा शुरू की जा रही गोधन न्याय योजना की विस्तृत जानकारी दी है, इसके अलावा शासन की विभिन्न महत्वकांक्षी योजनाओं की जानकारी भी विधायकों को दी जा रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई कांग्रेस विधायकों की बैठक में सीएम श्री बघेल ने सभी विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी विधायको ंको दी। इसके अलावा फ्लैगशिप योजनाओं के प्रचार-प्रसार, आम जनता तक शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने, राज्य सरकार द्वारा किसानों, गरीबों और अजा, अजजा के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है अथवा नहीं, इसकी भी जानकारी अपने-अपने क्षेत्रों से लेने का निर्देश दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने इस योजनाओं का फीडबैक लेकर रिपोर्ट देने का भी निर्देश दिया है। सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री श्री बघेल ने विधायकों को यह भी कहा है कि गोधन न्याय योजना का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी विधायकों के ऊपर रहेगी।



