मैनेजमेंट ने किया इस सेवाभावी का सम्मान
भिलाई। कोरोना संक्रमण के दौर में अपनी लगनशीलता के चलते विगत चार माह से सैनिटाइजेशन का काम कर रहे ठेका मजदूर को भिलाई स्टील प्लांट के रिफ्रैक्ट्रीज इंजीनियरिंग विभाग (आरईडी) ने सम्मानित किया। यहां कार्यरत ठेका मजदूर दुर्गा दास कोरोना संक्रमण काल में सैनिटाइजेशन के कार्य से संलग्न है। विभागीय कर्मियों के मुताबिक दुर्गा दास अप्रैल माह से लगातार स्प्रेयर मशीन लेकर आरईडी के अंतर्गत 9 अनुभागों में सैनिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। जिसमें वेलफेयर बिल्डिंग-16, आरईडी-2 साइट आफिस, आरईडी -2 मेकेनिकल ऑफिस, ब्लास्ट फर्नेस-5 साइट आफिस, स्टील मेल्टिंग शॉप-3 साइट आफिस, जीआरएम ऑफिस, आरईडी-1 मेकेनिकल के साथ एलआरएस एवं एफआरएस आफिस में दुर्गा दास लगातार सैनिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। 
उनके इस सेवाभाव से प्रभावित होकर आरईडी प्रबंधन ने कोरोना वारियर के तौर पर उनका सम्मान करने का निर्णय लिया। जिसमें सोमवार को उन्हें विभाग की ओर से दो जोड़ी सूट पीस प्रदान किया गया। इस मौके पर सहायक महाप्रबंधक भरत गोयल, वरिष्ठ प्रबंधक अनिल पाड़ी,वरिष्ठ प्रबंधक दीपक कुमार और कर्मचारियों में के.पी उपाध्याय, प्रदीप पिल्लै, गोविंद कन्नौजे, नरेश गुप्ता, राहुल सरकार, राकेश श्रीवास्तव व अरुण सिंह उपस्थित थे। सभी ने ठेका मजदूर दुर्गा दास के सेवाभाव की खुलकर सराहना की।



