रायपुर। एमएमआई हास्पिटल रायपुर का उच्च न्यायालय बिलासपुर छत्तीसगढ़ में विचाराधीन मामले के निराकरण के पश्चात आज एमएमआई हास्पिटल में पुराने महेन्द्र कुमार धाड़ीवाल गु्रप ने सुबह 11 बजे पहुंचकर कार्यभार व पदभार ग्रहण किया। ज्ञातव्य है कि एमएमआई जनरल बाडी में बिना बहुमत के बायलॉस के उल्लंघन का मामला सुलझते ही पुराने स्थाई मेंबरों में यथा डॉ. हरक जैन लूनकरण श्रीश्रीमाल, जगदीप गरचा, प्रदीप गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का एमएमआई हास्पिटल परिसर में पहुंचते ही गर्मजोशी से स्वागत हुआ।
मीडिया को जानकारी देते हुए महेन्द्र धाड़ीवाल ने बताया कि उक्त हास्पिटल धर्मार्थ हास्पिटल के रूप में बनाया गया था। पूर्व की भांति मरीजों को प्रदेश में रियायत दर पर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं छत्तीसगढ़ शासन से तालमेल कर विभिन्न योजनाओं के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ भी मरीजों को दिया जाएगा। उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि एमएमआई हास्पिटल अविभाजित मध्यप्रदेश का छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा हास्पिटल है। उक्त हास्पिटल का निर्माण मरीजों की चिकित्सा सुविधा सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए किया गया था।



