रायपुर। राजधानी के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल मेकाहारा के सफाई कर्मियों ने हड़ताल कर दी है। बताया जाता है कि कोविड-19 वार्ड की सफाई की जिम्मेदारी संभाल रहे यह सफाई कर्मी पिछले एक माह से अस्पताल के पास ही मंगल भवन में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। लेकिन इन सफाई कर्मियों को समय पर भोजन आदि नहीं दिया जा रहा है।
अंबेडकर अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि करीब 170 सफाई कर्मियों की तैनाती इस समय अंबेडकर अस्पताल में है। इन्हीं ड्यूटी दो शिफ्टों में लग रही है, एक शिफ्ट में करीब 80 कर्मचारी सफाई कार्य निपटा रहे हैं। कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर इन्हें घर जाने की भी इजाजत नहीं है। लिहाजा सभी सफाई कर्मी मंगल भवन में रहकर ही अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सफाई कर्मियों का आरोप है कि उनके भोजन आदि का प्रबंध अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। परंतु उन्हें समय पर न तो नाश्ता मिल रहा है और न ही भोजन। 80 कर्मियों के लिए आने वाला भोजन केवल 40 लोगों के लिए होता है और यह भी समय पर नहीं मिल रहा है।



