तीजहारिन के समक्ष मायके जाने की समस्या
रायपुर। कोरोना वायरस कोविड -19 लाकडाउन खत्म होने के बाद भी बस ऑपरेटरों द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में बस बंद है। वहीं रेल मंत्रालय द्वारा कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को छोड़कर बाकी रेल यातायात बंद है। जिसके चलते जहां राजधानी आसपास के जिलों से पहुंचने वाले दैनिक यात्री परेशान हो रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय पर्व हरितालिका तीज के अवसर पर परंपरानुसार अपने मायके में जाकर भोलेनाथ का पूजन अर्चन करने के लिए तीजहारिनों को उचित वाहन व्यवस्था नहीं होने से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञातव्य है कि रेल एवं बस बंद होने के कारण ऑटो चालकों द्वारा ओवर लोडेड सवारी टाटीबंध चौक, घड़ी चौक, तेलीबांधा चौक एवं पंडरी पहुंच रही है जिससे न केवल यात्रियों की जान को खतरा है अपितु प्रदेश सरकार द्वारा भी अब तक बस ऑपरेटरों की समस्या का समाधान नहीं होने के कारण तीजा के समय महिलाओं सहित दैनिक यात्रियों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। अनेक तीजहारिनों ने आरएनएस प्रतिनिधि से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री से आने वाले तीज त्योहारों के मद्देनजर बस एवं लोकल ट्रेन की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।
इसी तरह छोटे फल सब्जी उत्पादक किसानो के उत्पाद भी बाजार तक नही पहुंच पाने के कारण सड़ रहे हैं और उंन्हे गंभीर हानि हो रही है। इस भीषण महंगाई में डीजल पेट्रोल में अधिक धनराशि खर्च करके छोटी मोटी नॉकरी करने वालों को स्वयं के साधन से 30 से 100 किमी रोज जाना आना पड़ रहा है जिससे उनकी वित्तीय स्थिति बिगड़ रही है।



