Home खेल एंडरसन 600, टेस्ट ड्रा, सीरीज इंग्लैंड के नाम

एंडरसन 600, टेस्ट ड्रा, सीरीज इंग्लैंड के नाम

614
0

साउथम्पटन। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की 600 विकेट पूरे करने की अद्भुत उपलब्धि के साथ मंगलवार को पांचवें और अंतिम दिन ड्रा समाप्त हो गया।
मैच का आखिरी दिन बारिश से बुरी तरह प्रभावित रहा और बारिश इंग्लैंड की सीरीज को 2-0 से जीतने और आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचने की उम्मीदों के सामने बाधा बन गयी। इंग्लैंड ने पहला टेस्ट जीतने की बदौलत तीन मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की। इंग्लैंड ने इससे पहले वेस्ट इंडीज से कोरोना के बीच तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीती थी।

यह मैच तो ड्रा रहा लेकिन बारिश और खराब रौशनी से बाधित इस टेस्ट को एंडरसन की 600 विकेट की उपलब्धि के लिए याद रखा जाएगा। एंडरसन ने पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में दो विकेट लेकर अपने 600 विकेट पूरे किये।
38 वर्षीय एंडरसन ने अंतिम दिन बारिश के बाद खेल शुरू होने पर अपना 600वां विकेट लेने में ज्यादा समय नहीं लगाया। एंडरसन ने पाकिस्तान के कप्तान अजहर अली को स्लिप में अपने कप्तान जो रुट के हाथों कैच कराकर 600वां शिकार कर लिया।
एंडरसन अपने 156वें मैच में इस उपलब्धि पर पहुंचे। एंडरसन यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज और ओवरआल चौथे गेंदबाज बने। एंडरसन से पहले यह उपलब्धि भारत के अनिल कुंबले (619), ऑस्ट्रेलिया के शेन वार्न (708) और श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800) को हासिल थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here