मुंबई। शिवसेना नेताओं के साथ जारी विवाद के कारण बॉलीवुड अभिनेत्री लगातार सुर्खियों में हैं। बीते दिनों संजय राउत और कंगना रनौत के बीच तू-तू-मैं-मैं हेडलाइन्स में थी। अब बीएमसी ने उनके मुंबई ऑफिस को सील कर दिया है। म्युनिसिपल कार्पोरेशन ऑफ ग्रेटर मुंबई ने कंगना के ऑफिस के बाहर निर्माण में नियमों का उल्लंघन बताकर स्टॉप वर्क नोटिस चस्पा कर दिया है। इस नोटिस में बताया गया है कि इस दफ्तर में कई अवैध निर्माण किये जा रहे थे इसलिए स्टॉप वर्क आर्डर नोटिस दिया गया है।
बता दें कि कंगना रनौत इन दिनों अपने होम टाउन में हैं। इस बीच उनके ट्वीट्स और इंटरव्यूज लगातर सुर्खियों में हैं। बीते दिनों मुंबई पुलिस से डर और मुंबई की तुलना पीओके से करके कंगना ने महाराष्ट्र शासन और प्रशासन को नाराज कर दिया। सोमवार कंगना ने ट्वीट करके जानकारी दी थी कि उनके मुंबई ऑफिस में बीएमसी की टीम पहुंच गई है और वे इसे गिराने की तैयारी कर रहे हैं। बीएमसी टीम उनके इस ऑफिस के बाहर नोटिस भी चिपका गई है। बीएमसी सोर्स के मुताबिक, टीम कुछ दिन में रिपोर्ट तैयार कर लेगी इसके हिसाब से ऐक्शन लिया जाएगा।
डेप्युटी म्युनिसिपल कमिश्नर के मुताबिक, वहां जाना अवैध निर्माण की जांच करने की एक नियमित प्रक्रिया के तहत किया गया था। उस इलाके के कई और रो हाउसेज को देखा गया है। रिकॉर्ड के मुताबिक कंगना का ऑफिस रेजिडेंशनल प्रॉपर्टी है और वह ये कन्फर्म करना चाहते थे कि इसमें कोई बदलाव तो नहीं किए गए। कंगना ने बीते दिनों 9 सितंबर को मुंबई आने की बात कही थी। खबर यह भी थी कि कंगना अगर 7 दिन से ज्यादा दिन के लिए मुंबई आईं तो बीएमसी उनको च्ॉरंटीन कर देगा।
बताते चलें कि कंगना रनौत और शिवसेना सांसद संजय राउत के बीच कुछ दिनों से जुबानी जंग जारी है। ऐसे में कंगना ने कहा था कि उन्हें बॉलीवुड माफिया से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगता है। इसपर राउत ने कहा था कि यदि उन्हें मुंबई में डर लगता है तो उन्हें वापस नहीं आना चाहिए। पलटवार करते हुए अभिनेत्री ने कहा था कि मुंबई पीओके है क्या। इसके बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि अगर उनमें हिम्मत है तो वो अहमदाबाद की तुलना मिनी पाकिस्तान से करके देखें। इतना ही नहीं राउत ने कंगना को मुंबई न आने की भी धमकी दी है। इस पर कंगना ने कहा कि वह मुंबई आने वाली हैं जिसे भी उन्हें रोकना है रोककर दिखाए।



