- आरोपियों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की यात्रा टिकट जब्त किया गया
- रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पुरे देश में अवैध टिकट दलालों के खिलाफ चलाया जा रहा है अभियान
रायपुर। महानिदेशक रेलवे सुरक्षा बल के निर्देश पर पूरे भारत में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अवैध टिकट दलालों के विरूद्ध लगातार मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पिछले एक वर्ष में लगभग 300 अवैध टिकट दलालों को गिरफ्तार कर उनके पास से लगभग डेढ़ करोड़ रूपये मूल्य की यात्रा टिकट जब्त की गई है। रायपुर रेल मंडल अधिकारी सूत्रों के अनुसार इस मुहिम के तहत पूरे भारत में एक साथ सघन अभियान चलाकर अवैध टिकट दलालों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे अवैध सॉफ्टवेयर जैसे रेड मिर्ची, रेड बुल, आई बॉल इत्यादि को भी पकड़ा गया। रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पिछले एक वर्ष में लगभग 300 अवैध टिकट दलालों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लगभग डेढ़ करोड़ रुपया मूल्य की यात्रा टिकट जप्त की गयी हैं। कुछ दिन पूर्व एक विशेष आसूचना के आधार पर रायपुर में अवैध सॉफ्टवेयर रियल मैंगो रेयर मैंगो का इस्तेमाल कर रहे अवैध टिकट दलाल को गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया था।
किन्तु बाद में जाँच उपरांत अवैध टिकट दलाली संबंधी प्रमाणिक सूचना मिलने पर इसकी सूचना रतलाम मण्डल पश्चिम रेलवे को दी गयी जहाँ रियल मैंगो रेयर मैंगो अवैध सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल कर रहे टिकट दलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे भारत वर्ष में अवैध सॉफ्टवेयर रियल मैंगो रेयर मैंगो का इस्तेमाल कर अवैध टिकट बनाने वाले दलालों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है जिसके फलस्वरूप पश्चिम बंगाल से अवैध सॉफ्टवेयर रियल मैंगो रेयर मैंगो का इस्तेमाल कर रहे अवैध टिकट दलालों रेहान खान उर्फ शमशेर अंसारी, मटियार खान उर्फ अमित रॉय उर्फ सुबीर विश्वास, सुभांदु विश्वास और चंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया जा चुका है और लगभग 9.92 करोड़ रुपये की भविष्य यात्रा की टिकट जप्त की जा चुकी है। भविष्य में भी अवैध रेल टिकट दलालों और अवैध सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पूरे भारत वर्ष में अभियान चलाया जाता रहेगा।



