पुलिस ने प्रारंभिक जांच में माना आत्महत्या का मामला
रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके में बुधवार को एक युवती की फांसी पर लटकी लाश मिली। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मानकर चल रही है, हालांकि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की खबर नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार चंगोराभाठा इलाके में आज शाम को 20 वर्षीय दुर्गारानी मिश्रा नामक युवती की उसके घर में लटकती लाश मिली। बताया गया कि आज शाम को मृतका के रिश्तेदार घर पहुंचे तब इस घटना का पता चला। रिश्तेदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव की स्थिति को देखकर पुलिस संभावना जता रही है कि मृतका को मरे हुए 2 से 3 दिन हो चुके है। मृतका पिछले कुछ दिनों से घर में अकेली ही थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके चलते आत्महत्या के कारण का पता अभी नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।


