नईदिल्ली/रायपुर। लोकसभा के तीसरे चरण के लिए मंगलवार को वोट डाले जाएंगे. 14 राज्यों की 115 सीटों पर मतदान होगा और करीब 1612 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी. छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर भी मंगलवार को वोट डाले जाएंगे. इसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.
छत्तीसगढ़ में इन सीटों पर पड़ेंगे वोट
छत्तीसगढ़ की सात सीटों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर, कोरबा, रायगढ़ तथा सरगुजा के लिए मतदान होगा. चार सीटों पर पहले और दूसरे चरण में मतदान हो चुका है. छत्तीसगढ़ में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच हो रहा है. दोनों पार्टियों ने अपने-अपने स्तर पर सभी 11 सीटें जीतने का दावा किया है. 2014 में बीजेपी ने 10 तो कांग्रेस ने एक सीट जीती थी. राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने जहां वर्तमान महापौर प्रमोद दुबे को टिकट दिया है तो भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व महापौर सुनील सोनी को मैदान में उतारा है.
इन राज्यों की सीटों पर भी होगी वोटिंग
गुजरात में 26, केरल में 20, कर्नाटक में 14, महाराष्ट्र 14, उत्तर प्रदेश में 10, छत्तीसगढ़ में सात, ओडिशा में छह, बिहार में पांच, पश्चिम बंगाल में पांच, असम में चार, गोवा में दो, जम्मू कश्मीर, दादर नागर हवेली और दमन दीव में एक-एक सीट पर वोट डाले जाएंगे.
इन बड़े नेताओं की किस्मत होगी ईवीएम में कैद
तीसरे चरण में भी कई बड़े नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद होगी. इनमें अमित शाह, राहुल गांधी (वायनाड), मुलायम सिंह यादव, आजम खां, जया प्रदा, वरुण गांधी, संतोष गंगवार, शशि थरूर, सुप्रिया सुले, शिवपाल सिंह यादव प्रमुख हैं.




