रायपुर 26 सितंबर 2025, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां की सिलतरा स्थित एक निजी स्टील प्लांट में निर्माणाधीन ढांचा (सिल्ली) गिरने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह मजदूर घायल हैं, जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने घायलों को इलाज के लिए देवेंद्र नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना धरसींवा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घायलों को मलबे से निकालने का कार्य जारी है। बताया जाता है कि मलबे में कई लोग दबे हुए हैं। फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। छह मजदूरों का शव नारायणा अस्पताल लाया गया है। वहीं छह से अधिक घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर इलाज चल रहा है।
पिलेट बनाने वाली इस यूनिट में मेंटेनेंस के बाद जांच के लिए पहुंचे कर्मचारियों के ऊपर सिल्ली गिरी और छत का स्ट्रक्चर भी गिर गया जिसमें 18 से अधिक मजदूरों के दबे होने का प्रारंभिक अंदेशा जाहिर किया गया।
स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
सीएम साय ने शोक व्यक्त किया
इस हादसे को लेकर प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय ने शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। सीएम ने मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए घायल मजदूरों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
मलबे में कई मजदूरों के दबने की आशंका
रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि यह घटना राजधानी के बाहरी इलाके सिलतरा के गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड की है। प्लांट में एक ढाँचे की छत गिर गई। इससे मजदूर उसके नीचे दब गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर भेजी गई है बचाव अभियान जारी है। हादसे में छह मजदूरों की मौत और छह लोग घायल है। मलबे में कुछ और मजदूरों के दबने की आशंका है। बचाव कार्य जारी है।
मीडिया सूत्रों से घटना को लेकर जानकारी मिली है कि मेंटेनेंस के बाद निरीक्षण के लिए जैसे ही सुपरवाइजरी अमला और मजदूर वहां पहुंचे सिल्ली उनके ऊपर गिरी और छत भी टूट गई। कम से कम 18 मजदूरों के दबे होने की प्रारंभिक खबर आई थी। हीरा ग्रुप की इस कंपनी में हादसे होने की खबरें अक्सर आती रहती हैं इस बार का ये बड़ा हादसा होने से एक साथ इतने मजदूरों की जान चली गई।



