
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने सुदूर हिमालय के इलाके में रहस्यमयी हिममानव येती के निशान ढूंढने का दावा किया है. भारतीय सेना ने अपने ट्वीटर हैंडल से इसकी तस्वीरें भी शेयर की हैं.
सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. फोटो को कई लोगों ने रिट्वीट किया है. मिली जानकारी के अनुसार ये तस्वीरें 9 अप्रैल को खींची गईं थी. जिसे बीस दिन बाद शेयर किया गया है. ट्वीटर पर सेना ने लिखा है कि मकालू बेस कैंप के पास पर्वतारोहित दल ने रहस्यमयी दानव येती के पैरों के निशान देखे हैं. यह निशान 32 गुणा 15 इंच के हैं.
बता दें कि हिममानव केवल हिमालय के सुदूर इलाकों में पाए जाने की बात कही जाती है. हालांकि इस बारे में पुख्ता तौर पर कोई भी वैज्ञानिक बात नहीं करते हैं. कहा जाता है कि येती सबसे रहस्यमयी प्राणी है. हालांकि हिमालय और लद्दाख के बौद्ध मठों में रहने वाले लोगों ने कई बार येती के होने का दावा किया है.


