अब भी कईयों की दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी
मुंबई 16 जुलाई 2019. मुंबई के डोंगरी इलाके में केसरबाई नाम की चार मंजिला इमारत गिर गई. इस बड़े हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है. लगातार मलबा हटाने का काम जारी है. अभी भी 40 से 50 के करीब लोग मलबे में फंसे हुए हैं. बचाव कार्य में मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गयी है. ताजा जानकारी के मुताबिक मलबे से एक बच्चे को बचाया गया है. एस ए मार्ग पर हादसे की शिकार केसरबाई बिल्डिंग बीएमसी की जर्जर इमारतों की लिस्ट में नहीं शामिल थी. किन्तु इस बात पर कोई विचार नहीं करता कि इतनी जर्जर ईमारत में रहने के लिए लोग क्यों रह्र रहे है , सरकार उन्हें दूसरे इलाको में मजबूत सस्ते घर क्यों नहीं दिला पा रही है.
गृह निर्माण मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील के मुताबिक हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है. बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि अभी पुख्ता तौर पर मलबे में फंसे लोगों की संख्या के बारे में बता पाना मुश्किल है. लेकिन चालीस से पचास लोगों के फंसे होने की आशंका है. अभी मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की प्राथमिकता है. बिल्डिंग किस वजह से गिरी है इसके बारे में तत्काल कुछ कह पाना मुश्किल है. इस बीच हादसे के लिए आरोप -प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. बीएमसी ने इस हादसे के लिए प्राइवेट बिल्डर को जिम्मेदार ठहराया है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ये 100 साल पुरानी बिल्डिंग है, वहां के निवासियों को इस बिल्डिंग के रिडेवलेप होने की परमिशन मिली थी. हालांकि, अभी हमारा फोकस लोगों को बचाने पर है. जब सारी बातें सामने आएंगी तो इसकी जांच कराई जाएगी.



