नई दिल्ली ( एजेंसियां) प्रवर्तन निर्देशालय नई दिल्ली ने आज जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला से राज्य क्रिकेट संघ में कथित तौर पर वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन के मामले में बुधवार को पूछताछ की. ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों को इसकी सूचना दी. अधिकारी के अनुसार अब्दुल्ला केन्द्रीय एजेंसी के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने धनशोधन रोकथाम कानून के तहत अपना बयान दर्ज करवाया. खास बात यह है कि सीबीआई की प्राथमिकी पर संज्ञान लेते हुए ईडी ने धनशोधन का मामला दर्ज किया था.
गौरतलब है कि सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट संघ (जेकेसीए) के कोष में कथित अनियमितताओं और गबन के सिलसिले में पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और तीन अन्य के खिलाफ श्रीनगर की एक अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था. एजेंसी ने जेकेसीए के तत्कालीन अध्यक्ष अब्दुल्ला, तत्कालीन महासचिव मोहम्मद सलीम खान, तत्कालीन कोषाध्यक्ष अहसान अहमद मिर्जा और जे एंड के बैंक के एक कर्मचारी बशीर अहमद मिसगर पर भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश और विश्वासघात के आरोप लगाये थे.
एजेंसी ने कहा था कि बीसीसीआई ने 2002 से 2011 के बीच राज्य में क्रिकेट सुविधाओं के विकास के लिए 112 करोड़ रुपये दिये थे. सीबीआई ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने इस राशि में से 43.69 करोड़ रुपये का गबन कर लिया.
गौरतलब है कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल कर्नाटक , गोवा और अन्य राज्यों में तथा राज्यसभा में सांसद विधायक खरीदने के मामले में भाजपा पर लगातार आरोप लगाते रहे हैं, किन्तु उसमे अकूत धन के लेनदेन की खबरों के बाद भी कोई पूछताछ इ डी द्वारा आजतक नहीं की गयी है. विरोधी दलों के नेताओं तथा उनके समर्थक व्यापारी उद्योगपतियों पर इ डी तथा सी बी आई के लगातार इस्तेमाल का आरोप एन डी ए भाजपा सरकार पर लगता रहा है.



