संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने घटना की कड़ी निंदा की है
कांकेर 21 दिसंबर 2019. नगरीय निकाय चुनाव 2019 के लिए आज समूचे प्रदेश में मतदान हो रहा था, शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेश भर में पुलिस बल भी पर्याप्त मात्रा में तैनात किया गया है, अधिकांश जगहों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ तो कुछेक जगहों पर विवाद की स्थिति भी बनी. तो वहीं एक दो मामले चर्चित हुए. एक मामले में कांकेर में 50-50 रुपये के नकली नोट बांटने के आरोप में कांग्रेस प्रत्याशी के द्वारा पुलिस को शिकायत करने पर भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया. वार्ड क्रमांक 6 की भाजपा प्रत्याशी राबिया मेमन के देवर शकील मेमन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, आरोपी के पास से 50-50 रुपये के 15 नकली नोट बरामद हुए है. आरोप है कि शकील मेमन मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किये जाने के लिए 2000 रुपये का प्रलोभन दे रहा था. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मतदान के बाद 50 रुपये का नोट लौटाने पर मतदाताओं को 2000 रुपये दिये जाते. कांग्रेस प्रत्याशी के द्वारा इसकी शिकायत पुलिस को की गई, बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. प्रशासन की कड़ी नज़र पूरे मामले पर बनी हुई है.
कांकेर की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने घटना की कड़ी निंदा की है. त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है. कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से भाजपा द्वारा नकली नोट चलाने और खरीद फरोख्त की घटना पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है. ऐसी घटनाएं भाजपा की तयशुदा हार का जीताजागता सबूत है. त्रिवेदी ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा सुनिश्चित हार देखकर बौखला गई है और अब खरीद-फरोख्त और नकली नोट चलाने जैसी आपराधिक कृत्यों पर उतर आयी है. कांकेर में एक ही नंबर के 50 रुपए के नोट की सैंकड़ों रंगीन कॉपी तैयार की गई थी. यही एक ही नंबर का 50 रुपए का नकली नोट मतदाताओं में यह कहकर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा बांटा जा रहा था कि भाजपा के पक्ष में वोट डालने के बाद इसे दिखाने पर 2000 रुपए दिए जाएंगे. प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया है कि राज्य में अन्य कई स्थानों से भी भाजपा द्वारा शराब और पैसे बांट कर खरीद-फरोख्त की शिकायत मिल रही है.



