रायपुर। विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन दो बातें चर्चा में रहीं। पहली राज्यपाल के अभिभाषण पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के विधायक धरमजीत के बिगड़े बोल, जिसमें उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण कचरे में फेकने लायक बताया। वे बोले- राज्यपाल का अभिभाषण नीरस और असत्य है। राज्यपाल का अभिभाषण कचरे में फेंकने लायक है। इसमें पिछले साल की पुनरावृत्ति हुई है। इसमें पिछले साल की योजनाएं हैं। कोई नई योजनाएं कोई नए तथ्य अभिभाषण में नहीं था।
दूसरे नंबर पर चर्चा में रही कांग्रेस विधायक लक्ष्मी ध्रुव की खास साड़ी, जिसकी पल्लू में राज गीत लिखा हुआ दिखा और उन्होंने खूब तारीफें बंटोरीं। खास तरह की साड़ी पहने विधायक अलग ही अंदाज में दिखाई दीं। उनकी सिल्क की साड़ी पर राज्य गीत के बोल लिखे गए थे। इस साड़ी को पहने विधायक ने भी फोटो के लिए पोज दिए। धमतरी के सिहावा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मी ने अपने लिए सिल्क की स्पेशल साड़ी बनवाई है। इस साड़ी पर छत्तीसगढ़ का राज्यगीत, “अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार, इंदिरावती हर पखारय तोरे पईयां, महूं विनती करव तोर भुंइया, जय हो जय हो छत्तीसगढ़ मईया’ के बोल लिखे हुए थे।
हाल ही में राज्य गीत घोषित किया गया
इस गीत को हाल ही में सरकार की ओर से राज्य गीत घोषित किया गया है। इस राज्यगीत की रचना भाषाविद स्व. नरेंद्र वर्मा ने की थी। राज्य गीत लिखी साड़ी पहने विधानसभा पहुंची विधायक लक्ष्मी कैमरों को सामने देख पोज देती भी नजर आईं। इस दौरान जब उनके फोटो लिए गए तो वह जोर से हंस पड़ीं। विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हुआ है। एक अप्रैल तक चलने वाले इस सत्र में 22 बैठकें होंगी।



