नईदिल्ली। राजधानी दिल्ली में सीएए और एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। गोकुलपुरी में हुए उपद्रव में पुलिसकर्मी समेत 7 लोगों की मौत हो गई है, वहीं एक डीसीपी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। जाफराबाद और मौजपुर में सोमवार को हिंसा हुई। वहां सीएए के विरोध और समर्थन वाले लोग आमने-सामने आ गए थे।
वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सबसे शांति की अपील की है। उन्होंने कहा कि हिंसा से सबका नुकसान हो रहा है। हिंसा में कल किसी का भी नंबर आ सकता है। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों को हिंसा में घायल हुए लोगों के इलाज के लिए निर्देश दिए गए हैं।
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली के हालात पर सभी विधायकों और अधिकारियों से बात की है। केजरीवाल ने बताया कि वो दिल्ली की हालात पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दोपहर बारह बजे मुलाकात करेंगे। इस बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल (रुत्र) अनिल बैजल भी मौजूद रहेंगे। साथ ही आईबी के डायरेक्टर, जॉइंट सेकेट्री यूटी, जॉइंट सेकेट्री इंटरनल सिक्युरिटी, दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी, दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष चोपड़ा और बीजेपी के नेता रामबीर बिधूड़ी भी इस मीटिंग में मौजूद रहेंगे।
हिंसाग्रस्त इलाकों में एहतियात के तौर पर अगले एक महीने तक धारा 144 लागू कर दिया गया है। गृह मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में प्रभावित इलाके में अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियों को दिल्ली पुलिस की मदद के लिए तैनात किया गया है। इनमें दो कंपनियां रैपिड एक्शन फोर्स, एक सीआरपीएफ महिला कंपनी इनमें शामिल हैं।



