रायपुर। घर में अकेली बुजुर्ग महिला को देखकर पानी पीने के बहाने से दो साधुओं ने बड़ा नुकसान होने का डर दिखाकर झांसे में लेकर आलमारी में रखे सोने की जेवर व मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट गुढिय़ारी थाने में दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार जनता कालोनी मकान नंबर 754 गुढिय़ारी निवासी महिला विद्या चावड़ा 75 वर्ष पति स्व. जगदीश चावड़ा ने रिपोर्ट दर्ज करायी है कि प्रार्थियां को बुधवार को घर में अकेली देखकर दो साधु पानी पीने के बहाने घर आ गये।
पीने के लिए पानी लाने के दौरान साधु घर में प्रवेश कर महिला को घर में बड़ी विपत्ति आने का झांसा देकर पूजा पाठ करने की बात कहने लगे। इस पर प्रार्थियां ने पूजा रूम में ले जाकर दस मिनट तक पूजा करवा उन्हें दो हजार रुपये दिया। इसी दौरान मौका देखकर साधु आलमारी में रखे सोने का चैन, बाली, अंगूठी, पेंडल व एक नग मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गये। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात साधुओं के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध कायम कर मामला दर्ज कर लिया है।



