विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस (COVID-19) को विश्वव्यापी (पेन डेमिक) बीमारी घोषित कर दिया है, जिसका कारण इस बीमारी का तेजी से फैलना है, पर कोरोना वायरस से भी तेज फैल रही अफवाहों और भ्रांतियों के बारे में जानें…
कोरोना मतलब मृत्यु : बिल्कुल नही, कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या बहुत ज्यादा है, पर उनमे से अधिकतर में मात्र सामान्य लक्षण ही पाए गये थे, 50% से ज्यादा लोग अब पूरी तरह स्वस्थ हो गये हैं, पहले से बीमार, बुजुर्ग या छोटे बच्चों को गंभीर बीमारी का खतरा ज्यादा है, पहले से स्वस्थ और युवाओं में कोरोना के कारण अधिकतर सामान्य फ्लू ही देखा जा रहा है !
खूब पानी पीना, विटामिन सी, प्याज या लहसुन कोरोना का उपचार है : विटामिन सी, लहसुन और पानी का सेवन आपके शरीर के लिए अच्छी चीज है, पर इनसे कोरोना वायरस के ठीक होने के कोई प्रमाण नही हैं !
अगर आपको 10 सेकंड तक सांस रोकने में दिक्कत है तो आपको कोरोना है : ये पूरी तरह गलत तथ्य है, कोरोना वायरस के लक्षणों में सामान्य सर्दी खांसी से लेकर सांस लेने में दिक्कतें शामिल हैं, पर इनमे से कोई भी लक्षण सिर्फ कोरोना वायरस के लिए विशिष्ट नही है, किसी भी सांस की बीमारी में ऎसा हो सकता है और इसके विपरीत बहुत से कोरोना के मरीज़ों को सांस लेने में कोई दिक्कत नही भी हो सकती है !
गौ मूत्र और गोबर में कोरोना का इलाज है : अभी तक इस बात के कोई प्रमाण नही मिले हैं, किसी भी व्यक्ति या पशु का मूत्र एक उत्सर्जित पदार्थ होता है, जिनमे शरीर से निकले हुए बहुत से मलित पदार्थ होते है, जो शरीर को नुकसान भी पहुचा सकते हैं !
इससे बचने के लिए सभी को मास्क पहनना पड़ेगा : सभी को मास्क पहनने की कोई जरूरत नही है, केवल जो बीमार हैं या जो बीमारों की सेवा कर रहे हैं, उन्हें मास्क पहनने की जरूरत है, गलत तरीके से पहना गया मास्क या बार बार एक ही मास्क पहनना आपके इन्फेक्शन के रिस्क को बढ़ा सकता है !
रुमाल या कपड़े को दो परत कर के कोरोना का मास्क बनाया जा सकता है : नही, ऎसा मास्क आपको धूल मिट्टी से तो बचा सकता है, पर वायरस से नही, इसके लिए कम से कम तीन स्तरीय (थ्री प्लाई) मास्क पहनना चाहिए, जिसकी एक परत जल प्रतिरोधक होती है, घरेलू मास्क आपकी सुरक्षा नही करेंगे !
आफ्टर शेव लोशन में पानी मिलाने से घरेलू सेनिटाइजर बना सकते हैं : नही, विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के अनुसार एक असरकारी हैंड सेनिटाइजर में अल्कोहल का प्रतिशत कम से कम 60% होना चाहिये, वर्तमान में बहुत से आफ्टर सेव लोशन बिना अल्कोहल के आते हैं या उनमे अल्कोहल की मात्रा बहुत कम होती है और उसमे पानी मिला देने से वो असरकारी भी नही रहेंगे, विश्व स्वास्थ्य संगठन की वेबसाइट में इसकी बहुत सी विधियां बताई गई हैं, जिसे आप देख सकते हैं, वैसे भी साबुन से हाथ धोना सबसे असरदार उपाय है !
कोरोना सेंट्रिलिजेड एयर कूलिंग सिस्टम से फैलता है : अभी तक इस बात के कोई प्रमाण नही हैं, बहुत कम ऎसे पैथोजन हैं, जो इस तरीके से फैल सकते हैं, कोरोना वायरस के बारे में अभी ऎसा कोई प्रमाण नही है !
कोरोना वायरस के प्रकोप से आप थोड़ी सी सावधानी से बच सकते हैं, पर ऎसी भ्रांतियां न केवल आपके बचाव को कमजोर कर देती है, बल्कि आपको और आपके आस पास वालों के बीमार पड़ने की संभावना को भी बढ़ा देते हैं !
क्योंकि आप इन अवैज्ञानिक सावधानियों को असरकारक समझ कर कहीं न कहीं लापरवाह हो जाते हैं, सावधानियां जरूरी हैं, पर उससे भी ज्यादा जरूरी है उनका वैज्ञानिक और प्रामाणिक होना, कोरोना से डरें नही, पर सतर्क रहें स्वस्थ रहें, मस्त रहें…!!



