अर्जुन्दा/बालोद। आज देश प्रदेश में कोरोना से हाहाकार मचा हुआ है, ऐसा दिन आएगा किसी ने सोचा नहीं था। वहीं दूसरी तरफ बालोद जिले के अर्जुन्दा में सोशल डिस्टेंस के लिए अवेयर कर रहे 2 पुलिस वालों पर सब्जी बेचने वालों ने धारधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। दरसल आज अर्जुदा नगर की शासकीय हाईस्कुल में अस्थाई सब्जी मार्केट लगाया गया था। जहाँ सोशल डिस्टेंस मेंटेन रखने पुलिस सब्जी विक्रेताओं और सब्जी खरीदने आए ग्राहकों को समझा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियो की माने तो पुलिस अपना काम बखूबी निभा रही थी।
लेकिन इस बीच कुछ सब्जी विक्रेताओं को पुलिस की टोकाटाकी नागवार गुजरी। उन्होंने बहस शुरू कर दी। पुलिस से सब्जी विक्रेताओं के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि एक सब्जी बेचने वाले ने धारधार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें 2 पुलिसकर्मी आरक्षक विकास राजपूत और कमलेश रावटे लहूलुहान होकर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ चिकित्सालय ले जाया गया है।
पुलिस आम गरीब जनता से जिस तरह पेश आती कई वीडियो में दिख रही है उस तरह का यदि व्यवहार जारी रहा तो निकट भविष्य में इस तरह की घटनाएं बढ़ने से इनकार नही किया जा सकता, अपने घर लौटने की जद्दोजहद में पैदल मीलों चलने वाले मज़दूरों , दूरदराज से सब्जी लाद कर उपभोक्ताओं की जरूरतों के लिये निर्धारित समय में जाने वाले सब्जी विक्रेताओं को बेरहमी से मारना पुलिस को ऐसे ही परिणाम तक पहुंचाएगा ये आशंका मनोविज्ञानियो द्वारा पूर्व से ही व्यक्त की जा रही थी।


