सूरजपुर:- सूरजपुर जिले की चांदनी पुलिस ने महुली जंगल में दबिश देकर 5 लकड़ी तस्करों को पकड़ा है। पुलिस ने उनसे 36 नग चौखट व सिल्ली जब्त की है। पुलिस को आरोपियों को पकडऩे में दुर्गम पहाडिय़ों से होते हुए काफी दूर तक पैदल चलना पड़ा। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा को मुखबिर से लकड़ी तस्करी की सूचना मिली थी जिसे उन्होंने गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सक्रिय हुई बिहारपुर चांदनी पुलिस ने सोमवार को महुली क्षेत्र में दबिश देकर 5 लोगों के कब्जे से कैम्हा व सरई के चौखट, सिल्ली व पटरा 36 नग जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपियों से इमारती लकड़ी जब्त कर अग्रिम कार्यवाही हेतु वन विभाग को सुपुर्द कर दिया है। कार्यवाही की भनक लगते ही घुमन पंडो पहले ही वहां से भाग चुका था।
आरोपी सुखदेव ग्राम महुली से कैम्हा व सरई लकड़ी का 6 नग चौखट, 2 नग बोटा, 2 नग सिल्ली, घुमन महुली से सरई का 5 नग सिल्ली, 2 नग पटरा, आरोपी लालजी महुली से 5 नग सिल्ली, शत्रुधन महुली से 4 नग सिल्ली व 1 नग मोटा बोगी तथा गोविन्द महुली से सरई का 9 नग सिल्ली बरामद किया गया है।
दुर्गम पहाडिय़ों पर काफी दूर तक चलना पड़ा पैदल
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चांदनी थाना क्षेत्र का ग्राम महुली दुर्गम जंगल-पहाड़ से घिरा हुआ काफी दूरस्थ गांव है। पुलिस टीम को कार्यवाही हेतु पैदल चलकर काफी दूरी तय करनी पड़ी। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया है कि महुली जंगल से इमारती लकड़ी काटकर उसे विभिन्न आकार देकर चोरी-छिपे मध्यप्रदेश में ले जाकर बिक्री कर लाभ अर्जित करते थे।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदनी शिवकुमार खुटे, एएसआई विदवाराम यादव, प्रधान आरक्षक मानसिंह, आरक्षक रामसिंह, रामप्रसाद साडिल्य, हरिलाल पैंकरा व नगर सैनिक मुन्नीलाल सक्रिय रहे।



