
अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक साथ हल्की वर्षा या तेज हवा चलने की संभावना
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज शाम को अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई, जिसके बाद शहर का मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी रायपुर में आज शाम करीब 4 बजे से मौसम बदलने लगा और आधे घंटे के बाद तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। तेज हवा और हल्की बारिश के थमने के बाद शहर का मौसम खुशनुमा हो गया, जिसका आनंद उठाने के लिए घरों के अंदर बैठे लोग घर के बाहर या घर की छत पर पहुंचने लगे।
हालांकि तेज हवा के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ों की टहनिया टूटने और विद्युत सप्लाई प्रभावित होने की भी जानकारी मिली है। इधर मौसम विभाग ने पुन: अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश व तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी है। अधिकतम तापमान की बात करें तो आज सबसे अधिक तापमान 38 डिग्री माना रायपुर में दर्ज किया गया है, दूसरे नंबर पर 37.8 डिग्री के साथ बिलासपुर शहर रहा, जबकि प्रदेश के अन्य प्रमुख नगरों में रायपुर 37.4, अंबिकापुर 35, जगदलपुर 36.2, दुर्ग 37.2 व पेण्ड्रा रोड 35.9 डिग्री दर्ज किया गया है।


