नईदिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में हंगामा बरपा हुआ है। इस बीच क्वारंटीन में रखे गए लोगों की अजीबो-गरीब हरकतें सामने आ रही है। ताजा मामला राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का है, जहां चरंटाइन फैसलिटी में कुछ लोगों ने दो बोतलों में पेशाब भरकर फेंकी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार द्वारका नॉर्थ पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आने वाली एक क्वारंटीन केंद्र में मूत्र से भरी दो बोतलें बरामद की गई हैं। इसकी बरामदगी को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 269 और 270 के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है।
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के सिविल डिफेंस कर्मियों ने इसकी एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने एफआईआर में शिकायत की है कि कुछ लोगों ने क्वारंटीन फैसिलिटी परिसर में मूत्र से भरी बोतलें फेंकी थीं।
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने नरेला क्वारंटीन केंद्र में उपद्रव करने वाले दो लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
सफाई कर्मचारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कुछ लोगो ने 31 मार्च के दिन अपने कमरे के बाहर ही शौच कर दिया था। ऐसे आरोपी स्वास्थ्य विभाग और सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन भी नहीं कर रहे हैं और लोगों की जान को खतरे में डालते हुए कोरोना से लडऩे की पूरी मुहिम को खतरे में डाल रहे हैं।



