जगदलपुर। संभाग मुख्यालय जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में सोमवार की दोपहर को दंतेवाड़ा निवासी एक कोरोना संदिग्ध युवक की मौत हो गई है। कोरोना संदिग्ध के मौत के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। वहीं मृतक के पूरे परिवार को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
मामले की जानकारी देते हुए कलेक्टर डॉ अय्याज तंबोली ने बताया कि दंतेवाड़ा निवासी एक युवक को बीते दिनों कोरोना के लक्षण के चलते डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। उक्त युवक पहले तेलंगाना राज्य के भद्राचलम में किसी ठेकेदार के पास काम करता था। तबीयत खराब होने की वजह से युवक को ठेकेदार ने वापस उसके गृह ग्राम दंतेवाड़ा भेज दिया था। बस्तर कलेक्टर ने बताया कि मृतक युवक पहले से ही टीवी की बीमारी से ग्रसित था। कोरोना और टीवी के बीमारी का लक्षण एक समान होने की वजह से युवक को एतिहात के तौर पर दंतेवाड़ा से मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में भर्ती कराया गया था, जिसकी आज मौत हो गई है उन्होंने बताया कि युवक की मौत के बाद उसका सैंपल लिया गया है, जिसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।



