कोरबा। कोरोना महामारी के संक्रमण से बचाव हेतु जिले में धारा 144 लागू है। लॉकडाउन की स्थिती में शराब दुकानें भी बंद हैं। इस दौरान कुछ नशे के आदी लोग नशा करने के लिये शराब नहीं मिलने पर नशीली दवाईयों का सेवन कर रहे हैं। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने दो तस्करों को पकड़ कर दवाईयां जप्त की हैं।
कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा ने बताया कि मुखबिर से दो युवकों द्वारा बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं रख कर बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा को अवगत कराते हुए उनके मार्गदर्शन में तत्काल कार्यवाही कर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। मोटर सायकल हीरो होण्डा स्प्लेण्डर प्लस क्रमांक सीजी 12 एन 2026 के पास एक बैग रखे दो युवक मिले। युवकों ने पूछताछ में अपना नाम नरेन्द्र भारिया पिता अशोक कुमार भारिया 32 वर्ष, निवासी गोपालपुर भाठापारा दर्री व कोमल राठौर पिता सियाराम राठौर 25 वर्ष, निवासी अगार खार (लाटा) दर्री बताया।
यह भी बताया कि मनोत्तेजक दवाईयाँ ये लोग जॉजगीर जिले से लाते हैं जिसे कोरबा, दर्री, बालको व आसपास के क्षेत्र मे खपाते हैं। वैधानिक कार्यवाही करते हुये बैग की तलाशी में बैग से मनोत्तेजक दवाई ट्रॉमाडोल के 8 डिब्बे जिनमें कुल 1816 कैप्सूल थे, बरामद किये गये। इनके विरूध्द धारा 22 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबध्द कर विवेचना की जा रही है।टीआई ने कहा है कि नशे के व्यापारियों के विरूध्द कार्यवाही जारी रहेगी।



