रायपुर। पाकिस्तानी मॉडल और एक्ट्रेस समेत आठ महिलाओं के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर फेसबुक पर चैटिंग करने वाले कबीर नगर निवासी रवि पुजारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फर्जी अकाउंट होने की शंका पर कई लोगों ने शिकायत की थी, जिस पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। एसएसपी आरिफ शेख ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले डेढ़ महीने से शिकायत आ रही थी कि निशा जिंदल के नाम से बनाई गई फेसबुक प्रोफाइल से बहुत बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं कि मैं वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन से हूं, मैं आइएमएफ से हूं।
मामले की जांच करते हुए फेसबुक से जानकारी मांगी, लेकिन हमें जब मदद नहीं मिली तो फिर हमारी साइबर टीम ने जाल बिछाया और आरोपित फंस गया। इसी से इसका आईपी एड्रेस मिला, जिसके जरिए हम लोगों ने पकड़ा तो यह कोई महिला नहीं, बल्कि एक पुरुष निकला। उन्होंने बताया कि आरोपित पिछले 8 साल से फेसबुक प्रोफाइल चला रहा था।



