दुनियाभर में जानलेवा कोरोना वायरस ने कहर बरपा रखा है. भारत समेत कई देशों ने इस वायरस से अपनी जनता को बचाने के लिए लॉकडाउन लागू कर रखा है. देश में कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार उन लोगों के कोरोना वायरस पॉजिटिव होने की खबर सामने आई है, जो इसके खिलाफ जंग लड़ रहे हैं. मुंबई के बाद अब चेन्नई में भी न्यूज चैनल के 25 कर्मचारी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं.
मुंबई में 50 से अधिक पत्रकारों के कोरोना से सक्रंमित होने के बाद अब चेन्नई से 25 पत्रकारों के सक्रंमित होने की खबर। @ArvindKejriwal जी ने दिल्ली में टेस्ट का वादा किया है ऐसे में सभी राज्यों में पत्रकारों के टेस्ट की व्यवस्था की जाये। @MIB_India @anuragdhanda#CoronaWarriors
— Shivam Pratap Singh (@journalistspsc) April 21, 2020
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तमिल न्यूज़ चैनल में कार्यरत 25 लोग कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं, इनमें पत्रकार, कैमरापर्सन और अन्य लोग शामिल हैं.
बता दें कि इस न्यूज़ चैनल के करीब 94 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट करवाया गया है. इसकी वजह से चैनल को अपना लाइव प्रोग्राम भी सस्पेंड करना पड़ा है. पॉजिटिव मामले आने के बाद अन्य लोगों को भी क्वारनटीन किया गया है.
बता दें कि इससे पहले सोमवार को मुंबई में भी पत्रकारों के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की खबर ने सबको झकझोर दिया था. मुंबई में कोरोना वायरस को लेकर रिपोर्टिंग और कवरेज कर रहे 53 पत्रकार कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए. मुंबई में 170 से अधिक पत्रकारों को कोरोना वायरस टेस्ट करवाया गया था.
मुंबई के बाद दिल्ली सरकार ने भी यहां पर कार्यरत और कवरेज कर रहे सभी पत्रकारों का कोरोना वायरस टेस्ट करवाने की बात कही है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर इसका ऐलान किया.



