रायपुर। राजस्थान कोटा से बच्चों को लेकर छत्तीसगढ़ लौट रही बस सोमवार को मध्यप्रदेश के शिवपुरी के पास एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसा ट्रेलर से साइड लेने के दौरान हुआ। इस हादसे में बस में बैठी एक बच्ची को मामूली चोट आई है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस में शिफ्ट करा दिया गया। घायल बच्ची का नाम ऋषिका चौबे, जो राजनांदगांव जिले की बताई जा रही। बच्चों को लेकर बस मंगलवार 28 अप्रैल की सुबह रायपुर पहुंच जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने कोटा से बच्चों को लाने के लिए 97 बसों को कोटा भेजा था। बच्चों को लेकर रविवार लगभग रात नौ बजे बसें छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई थी। लौटने के दौरान शिवपुरी में 70 नंबर की बस एक ट्रेलर से टकरा गई। बस में 28 लोग मौजूद थे। बस के साथ चल रही साथ वाली बस में डाक्टरों की टीम मौजूद थी। जिन्होंने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद सभी बच्चों को दूसरे बस में शिफ्ट करा दिया गया।



