कोरबा:- दोंदरो में उस समय हड़कंप मच गया, जब विलुप्त प्रजाति का कबर बिज्जू नामक वन्य प्राणी जंगल से भटककर आबादी वाले क्षेत्र में जा घुसा. उसे देखने ग्रामीणों की भीड़ लग गई. वन विभाग की टीम ने कबरबिज्जू को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया है.
कोरबा वन मंडल के बालको वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोंदरो के ग्रामीण अपने काम में व्यस्त थे. इसी दौरान एक वन्य प्राणी जंगल की ओर से भागते हुए बस्ती के भीतर जा घुसा. वह झाड़ियों व पेड़ के बीच कूद फांद मचाता रहा. वन्य प्राणी के लंबे पूछ व नुकिले दांत को देख ग्रामीण थोड़ी देर के लिए सख्ते में आ गए.
कुछ ग्रामीणों ने करीब जाने का प्रयास किया. इस दौरान वन्य प्राणी दूर भागने लगा. उसे देखने ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. मामले की सूचना वन विभाग को दी गई. एसडीओ ईश्वर कुजूर के अलावा अन्य अफसर व कर्मचारी मौके पर जा पहुंचे. उन्होंने वन्य प्राणी की पहचान विलुप्त प्रजाति के कबरबिज्जू के रूप में कर ली. वन विभाग की टीम ने कबरबिज्जू को बड़ी ही आसानी से पकड़ लिया. उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया है.



