नोटिस जारी करके पुलिस ने 20 मई 2020 को हाजिर हो कर पक्ष रखने की ताकीद की
रायपुर:- छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की राजधानी रायपुर (Raipur) में बीजेपी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है. रायपुर के सिविल लाइन पुलिस थाने में 11 मई की रात शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज की गई. युवक कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद पाढी की शिकायत पर से एफआईआर क्रमांक 200/2020 के तहत भादवि की धारा 153A,505(02) 298 के तहत संबित पात्रा के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है. पात्रा पर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और राजीव गांधी को लेकर आपत्ति जनक पोस्ट ट्विटर पर शेयर करने का आरोप है.
सिविल लाइन में दर्ज प्रकरण के मुताबिक 10 मई 2020 को संबित पात्रा के ट्विटर हैंडल से पोस्ट कर नेहरू और राजीव गांधी को भ्रष्ट कहने पर कांग्रेसियों ने शिकायत की है.
प्रकरण के मुताबिक संबित पात्रा ने अपने ट्विटर पर पोस्ट में लिखा- नेहरू न होते तो कश्मीर की समस्या ही न होती. नेहरू ने ही कश्मीर की समस्या को जन्म दिया है. राजीव गांधी पर भी टिप्पणी की. इसी पोस्ट को लेकर कांग्रेसियों ने आपत्ति जताई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा ने संबित को ट्विटर पर जवाब दिया, जिसे संबित पात्रा ने रिट्वीट भी किया.
की जा रही है जांच
रायपुर के सिविल लाइन थाना प्रभारी शांतनु बेनर्जी ने बताया कि 11 मई की रात को युवा कांग्रेस के नेता की शिकायत पर संबित पात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. ट्विटर पर आपत्तिजनक पोस्ट करने की शिकायत है. शिकायत के बाद जुर्म दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



