नई दिल्ली। लॉकडाउन खत्म होने के बाद जब उड़ानें शुरू की जाएंगी तो यात्रियों और एयरलाइंस को कुछ विशेष सावधानियां बरतनी होंगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटरों को स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी की है। एसओपी के मुताबिक, केंद्र ने एयरलाइंस से कहा है कि उड़ानें शुरू होने के पहले फेज में 80 साल से ऊपर के व्यक्ति को यात्रा की इजाजत ना दी जाए।
एसओपी में कहा गया कि शुरुआती चरण में केबिन में बैग ले जाने की इजाजत ना दी जाए। अगर किसी यात्री या स्टाफ में कोई लक्षण दिखाई दे रहा है और आरोग्य सेतु ऐप पर ग्रीन सिग्नल नहीं आ रहा है, तो ऐसे व्यक्ति को एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में दाखिल होने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
केंद्रीय नागरिक उड्यन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पिछले दिनों देश में जल्द ही फ्लाइट सेवाएं शुरू करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि सुरक्षा उपायों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही फ्लाइट सेवा शुरू की जा सकती है। इसके लिए गाइडलाइन तैयार की जा रही है। विशेषज्ञों की राय ली जा रही है ताकि फ्लाइट सेवा शुरू होने के बाद संक्रमण ज्यादा न फैल सके।



