गुजरे 29 अप्रैल 2020 को कैंसर से लंबी लड़ाई लड़ते हुए दुनियाभर में अपने अभिनय से धाक जमाने वाले कलाकार इरफान का निधन हो गया। इरफान ने न केवल बॉलिवुड बल्कि हॉलिवुड की बड़ी फिल्मों में काम किया था। इरफान के निधन के बाद से ही उनके साथ काम कर चुके फिल्मस्टार्स और फिल्ममेकर उनसे जुड़ी यादें साझा कर रहे हैं। ऐसी ही एक बात अब सामने आई है कि इरफान खान को रणबीर कपूर के पिता का रोल भी ऑफर हुआ था।
जी हां, फिल्म जग्गा जासूस में रणबीर पिता के रोल के लिए डायरेक्टर अनुराग बसु ने इरफान से संपर्क किया था। अनुराग इससे पहले लाइफ इन अ मेट्रो में इरफान के साथ काम कर चुके थे। हाल में इरफान के बारे में बात करते हुए अनुराग ने बताया कि इरफान लाइफ इन अ मेट्रो के सीच्ल में काम करने के लिए काफी उत्साहित थे। यहां तक कि उन्होंने एक बार जग्गा जासूस के लिए भी इरफान से संपर्क किया था।
उन्होंने बताया कि जग्गा जासूस में रणबीर के पिता के रोल के लिए उन्होंने इरफान से संपर्क किया था लेकिन वह उस समय अपनी दूसरी फिल्मों में व्यस्त थे। चूंकि जग्गा जासूस की डेट्स फिक्स हो चुकी थीं, इसलिए इरफान इस रोल को नहीं कर सके। इसके बाद ही इरफान ने अनुराग बसु से लाइफ इन अ मेट्रो के सीच्ल में काम करने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि जब अनुराग से यह पूछा गया कि क्या वह अभी भी लाइफ इन अ मेट्रो का सीच्ल बनाना चाहेंगे तो उन्होंने कहा कि वह नहीं जानते कि इरफान के बिना अब वह यह फिल्म बनाएंगे या नहीं।



