- सहमे रहे लोग, बड़ा खतरा टला
- विकास नगर कला मंदिर के सामने हुई घटना
कोरबा:- विकास नगर कला मंदिर के सामने एक विद्युत खंभे में जोरदार विस्फोट के साथ करंट प्रवाहित तार में आग लग गई. जिससे विद्युत व्यवस्था बाधित रही. घटना से विकास नगर कालोनी के लोग सहमे रहे.
गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत खपत का लोड बढ़ता जा रहा है. लोड बढ़ने के कारण आए दिन विद्युत आपूर्ति में समस्या पैदा हो रही है. गुरुवार को भी विकास नगर कालोनी क्षेत्र के एक खंभे में विस्फोट के साथ उसके तारों में आग लग गई. खंभे में हुए ब्लास्ट की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले. तब तक तारों में आग लग चुकी थी. खंभे की ऊंचाई लगभग 20 फीट से अधिक थी, जिसके कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
बढ़ रही है बिजली चोरी
कालोनी में निवासरत लोगों का कहना है कि कालोनी से लगे अवैध कब्जाधारी झोपड़ पट्टी व मकानों में चोरी की बिजली का उपयोग किया जा रहा है. इन मकानों में चोरी की बिजली का उपयोग करने से खपत बढ़ गई है. खपत बढ़ने के कारण इस तरह की समस्या पैदा हो रही है. विकासनगर कला मंदिर के सामने मिनी सब स्टेशन से लगभग एक चौथाई कालोनी को बिजली की आपूर्ति की जाती है. लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा चोरी की बिजली उपयोग करने वालों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है.



