- महिला घायल, जिला अस्पताल रेफर
- केंदई रेंज के ग्राम कोइलार गदरा की घटना
कोरबा। बीती रात कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में घर के बाहर बैठे दंपत्ति को हाथियों के झुंड ने दौड़ाया। जान बचाकर पति-पत्नी भागने लगे इस प्रयास में महिला घायल हो गई जिसे वन विभाग की टीम द्वारा स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
केंदई रेंज अंतर्गत ग्राम कोइलार गदरा में तीजराम धनुहार 55 वर्ष एवं उसकी पत्नी बुधवारो बाई 52 वर्ष निवासरत है। रात्रि लगभग 8.30 बजे पति-पत्नी घर के बाहर बैठे हुए थे। अचानक 28 हाथियों का झुंड घर के पास से गुजरा। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर पति-पत्नी भागने लगे। किसी तरह पति तो भागकर गांव से दूर बस्ती की ओर पहुंच गया लेकिन पत्नी हड़बड़ी में गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। हाथियों के झुंड की निगरानी कर रहे वन विभाग की टीम की नजर महिला पर पड़ी। आनन-फानन में उसे वन विभाग की टीम द्वारा कोरबी-चोटिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वनमंडलाधिकारी द्वारा महिला को 5 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है। क्षेत्र में हाथियों के विचरण से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
गणेश फिर बनेगा खतरा
कोरबा व धरमजयगढ़ में लगभग 15 लोगों को कुचलकर मौत के घाट उतारने वाले गणेश हाथी का रेडियो कॉलर आईडी टूटकर गिर गया है। जब तक उसका लोकेशन ट्रेस हो रहा था, उसके द्वारा पहुंचाए जाने वाले जनहानि पर अंकुश लगा हुआ था। अब पुन: लोकेशन ट्रेस नहीं होने से खतरा बढ़ गया है। तेन्दूपत्ता संग्रहण के सीजन में गणेश हाथी बड़ा खतरा साबित हो सकता है। हालांकि वन विभाग की टीम उसकी निगरानी में जुटी हुई है।